कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। निराला नगर स्थित ब्लॉसम अपार्टमेंट में देर रात 38 वर्षीय सरकारी डॉक्टर संदीप सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से सीने में गोली मारकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। गंभीर हालत में परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
देर रात 2 बजे हुई घटना
मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार देर रात करीब 2:00 बजे की है। डॉक्टर संदीप सिंह कानपुर देहात में तैनात थे और निराला नगर के ब्लॉसम अपार्टमेंट में अपनी पत्नी कंचन और 6 महीने के मासूम बेटे के साथ रहते थे। देर रात अचानक कमरे से गोली चलने की आवाज सुनकर पत्नी कंचन भागकर कमरे में पहुंचीं, तो संदीप जमीन पर खून से लथपथ पड़े थे। आनन-फानन में परिजनों को सूचना दी गई और उन्हें रीजेंसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दूसरी शादी और घरेलू विवाद
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, संदीप ने करीब तीन साल पहले कासगंज निवासी कंचन से प्रेम विवाह (दूसरी शादी) किया था। संदीप का पहली पत्नी से तलाक हो चुका था, जिससे उनकी 5 साल की एक बेटी भी है। संदीप के पिता राज बहादुर सिंह ने बताया कि दूसरी शादी के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मूल रूप से लाल बंगला के परदेवनपुरवा निवासी संदीप चार भाइयों में से एक थे। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, क्योंकि संदीप के दो भाइयों की पहले ही दुखद मौत हो चुकी है, एक भाई की बीमारी से और दूसरे की हिट एंड रन हादसे में जान गई थी।
पुलिस और फोरेंसिक जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही किदवई नगर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। DCP दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
किदवई नगर थानाध्यक्ष नीरज द्विवेदी के अनुसार, प्रथमदृष्टया मामला पारिवारिक कलह के कारण खुदकुशी का लग रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
संत प्रेमानंद की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र, केलीकुंज आश्रम की गतिविधियों की जांच की मांग
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft