रायपुर। छत्तीसगढ़ के खरोरा थाना क्षेत्र के रायखेड़ा स्थित अदानी पावर प्लांट में शराब बिक्री को लेकर विवाद के बाद जमकर हंगामा और पथराव हुआ। विवाद मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच शुरू हुआ, जो देखते ही देखते बलवा में बदल गया। घटना के दौरान रायखेड़ा सरपंच की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें खरोरा थाना प्रभारी (TI) समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
शराब बेचने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, प्लांट के अंदर शराब बेचने से मना करने को लेकर बिहार और छत्तीसगढ़ के मजदूरों के बीच विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बन गई और पथराव शुरू हो गया। इधर, रायखेड़ा गांव में भी शराब की बिक्री का ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने की बात सामने आई है।
सरपंच की गाड़ी में तोड़फोड़
विवाद की जानकारी मिलने के बाद रायखेड़ा सरपंच दिनेश वर्मा भी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान मजदूरों की ओर से किए गए पथराव में उनकी गाड़ी के कांच टूट गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस पहुंची तो किया पथराव
घटना की सूचना मिलते ही खरोरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और विवाद को शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस पर भी पथराव हुआ। बीच-बचाव के दौरान थाना प्रभारी को चोट आई। कई अन्य पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे। इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस के मुताबिक स्थिति नियंत्रण में है।
CSP विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि, रायखेड़ा स्थित अदानी पावर प्लांट में मजदूरों और सिक्योरिटी गार्ड के बीच शराब बेचने के नाम पर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान रायखेड़ा सरपंच दिनेश वर्मा भी मौके पर पहुंचे, जहां पथराव के कारण उनके वाहन के कांच टूट गए। सूचना मिलते ही खरोरा थाना प्रभारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इस दौरान थाना प्रभारी को चोट आई है। वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच चुके हैं और फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft