जशपुर। ओड़िशा सीमा से छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक टाटा आईसर ट्रक से 632.380 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश निवासी 42 वर्षीय विनोद कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में गांजा, ट्रक, मोबाइल फोन और नगदी समेत कुल 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
बोतलों की बोरियों के नीचे छिपाया था गांजा
पुलिस के मुताबिक, 4 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर उड़ीसा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान टाटा आईसर ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839 को संदेह के आधार पर रोका गया। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक के ऊपर खाली बोतलों की शीशियों से भरी बोरियां रखी थीं।
पुलिस टीम ने जब इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की तो उनमें टेप से लिपटे संदिग्ध पैकेट मिले।गवाहों की मौजूदगी में पैकेटों को खोलकर जांच की गई तो उनमें गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार कुल 20 बोरियों में 597 पैकेट मिले, जिनका वजन 632 किलो 380 ग्राम था।
ओड़िशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था गांजा
ट्रक में मौजूद संदिग्ध व्यक्ति से पुलिस ने गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विनोद कुमार गुप्ता (42 वर्ष), निवासी ग्राम बेरिया खलीलपुर, थाना देहात कोतवाली, जिला बहराईच, उत्तर प्रदेश बताया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह गांजा उड़ीसा से उत्तर प्रदेश लेकर जा रहा था।
3.41 करोड़ रुपए से अधिक की जब्ती
बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपए बताई गई है। ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपए और मोबाइल फोन की कीमत करीब 25 हजार रुपये आंकी गई है। नगदी सहित कुल जब्ती 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपए की बताई गई है।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
मामले में थाना तपकरा में अपराध क्रमांक 87/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दो दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई
जशपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महज दो दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई की है। इससे पहले 2 अक्टूबर 2026 को एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर एक टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440.630 किलो गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया था।
नकली सोने के जेवर गिरवी रखकर 8.25 लाख की ठगी, दुर्ग पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
सीट शेयरिंग की खींचतान के बीच अखिलेश का बड़ा संदेश, बोले- ‘बात सीट की नहीं, जीत की है’
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft