बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और उसके 12 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में 8 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। हादसा सनौद थाना क्षेत्र के अरमरीकला गांव के पास हुआ।
पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, डागेश्वर साहू (34) अपने दोनों बेटों वेद प्रकाश (12) और अनुराग (8) के साथ पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने मामा के घर मोहारा गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों बाइक से अपने गांव गजराबांधा लौट रहे थे।
इसी दौरान अरमरीकला गांव के पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक नंबर- CG 08 AU 7510 के पीछे उनकी बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार डागेश्वर साहू और उनके बड़े बेटे वेद प्रकाश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में डागेश्वर का छोटा बेटा अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही सनौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft