बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक धमकी देकर पैसे वसूली करने का मामला सामने आया है, जहां धौराटिकरा सहकारी समिति में प्रबंधक को धमकी देकर 50 हजार रुपए की मांग करने के मामले में एक ब्लॉगर के खिलाफ पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग भी उठने लगी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भाड़ी निवासी अजय साहू ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि, वे धौराटिकरा धान खरीदी सोसाइटी में प्रबंधक हैं तथा जामपारा सोसाइटी का अतिरिक्त प्रभार भी उनके पास है। शिकायत के अनुसार, सोशल मीडिया पर ब्लॉग संचालित करने वाले महेंद्र पांडेय, जो महुवारी महलपारा, बैकुंठपुर का रहने वाला है, उन्हें क्षति पहुंचाने का भय दिखाकर 50 हजार रुपए की मांग की है।
50 हजार की वसूली
शिकायत में बताया गया है कि, 28 अक्टूबर 2025 को आरोपी ने जामपारा सोसाइटी के कर्मचारियों दीपेश साहू और सोनू चेरवा से कथित रूप से कहा कि, वे अपने प्रबंधक से 50 हजार रुपए दिलवा दें, अन्यथा सोसाइटी नहीं चलने दी जाएगी। इसके बाद 20 नवंबर 2026 को आरोपी धौराटिकरा सोसाइटी कार्यालय पहुंचा। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसने स्वयं को पत्रकार बताते हुए “हम लोगों का भी ख्याल रखने” की बात कही और 50 हजार रुपए की मांग की। रकम देने से इनकार करने पर कथित रूप से धमकी दी गई।
वहीं, प्रबंधक का आरोप है कि, 9 फरवरी 2026 को आरोपी ने अपने ब्लॉग पर एक पोस्ट प्रकाशित की, जिससे उनके सामाजिक और पारिवारिक सम्मान को ठेस पहुंची। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
उधर, इस प्रकरण में जिला साहू संघ ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। साहू समाज का एक प्रतिनिधि मंडल कोरिया कलेक्टर से मिलकर उन्हें ज्ञापन भी सौंपा है और संगठन ने चेतावनी दी है कि, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में पटवारी के 200 पदों पर भर्ती को मंजूरी, जल्द शुरू होगी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
9 सितंबर को होगी विष्णु कैबिनेट की अहम बैठक, इन मुद्दों पर रहेगी नजर
शिवनाथ नदी में बहा युवक, दो दिन बाद SDRF ने बरामद किया शव
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft