Friday ,August 21, 2026
होमछत्तीसगढ़दो घंटे जर्जर सड़क में फंसी बीजेपी संगठन मंत्री की कार, पवन साय ने मंत्री-नेताओं को लगाई फटकार...

दो घंटे जर्जर सड़क में फंसी बीजेपी संगठन मंत्री की कार, पवन साय ने मंत्री-नेताओं को लगाई फटकार

 Newsbaji  |  Aug 21, 2026 03:57 PM  | 
Last Updated : Aug 21, 2026 03:57 PM
जर्जर नेशनल हाईवे पर फंसी पवन साय की कार, नाराजगी के बाद शुरू हुई सड़क की मरम्मत
जर्जर नेशनल हाईवे पर फंसी पवन साय की कार, नाराजगी के बाद शुरू हुई सड़क की मरम्मत

अंबिकापुर। नेशनल हाईवे की जर्जर सड़क को लेकर अब सियासी पारा भी चढ़ गया है। लंबे समय से बदहाल सड़क के कारण परेशान हो रहे लोगों की समस्या उस वक्त अचानक सुर्खियों में आ गई, जब बीजेपी संगठन मंत्री पवन साय की कार खुद करीब दो घंटे तक जर्जर सड़क पर फंस गई। सड़क की स्थिति से नाराज पवन साय ने मौके की बदहाली को लेकर मंत्री और भाजपा नेताओं को जमकर फटकार लगाई।

बताया जा रहा है कि, सड़क की हालत इतनी खराब थी कि पवन साय की कार को निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो घंटे तक सड़क पर फंसे रहने के बाद उन्होंने क्षेत्र में लंबे समय से बनी इस समस्या को लेकर जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अफसरों के प्रति नाराजगी जाहिर की।

जनता परेशान है तो नेतागिरी का क्या फायदा?
मामले को लेकर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री और अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल ने भी पवन साय की नाराजगी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पवन साय ने उन्हें भी सड़क की खराब स्थिति को लेकर डांट लगाई।

राजेश अग्रवाल के मुताबिक, पवन साय ने सवाल उठाया कि जब क्षेत्र की जनता सड़क की बदहाली से परेशान हो रही है, तो नेतागिरी का क्या फायदा? संगठन मंत्री की इस नाराजगी के बाद स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई का दबाव बढ़ गया।

मंत्री के निर्देश के बाद हरकत में आया विभाग
मामला सामने आने के बाद पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने नेशनल हाईवे के अधिकारियों को सड़क की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। मंत्री के निर्देश के बाद विभागीय अमला सक्रिय हुआ और जर्जर सड़क पर मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। लंबे समय से सड़क की बदहाली झेल रहे स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए मरम्मत कार्य शुरू होना राहत की खबर है। हालांकि, लोगों का सवाल यह भी है कि जिस सड़क की खराब स्थिति की शिकायत लंबे समय से की जा रही थी, उस पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

संगठन मंत्री की कार फंसी तो खुली सिस्टम की पोल?
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज है। आम लोगों की परेशानी के बीच सड़क की बदहाली लंबे समय से बनी हुई थी, लेकिन जब भाजपा के संगठन मंत्री की कार उसी सड़क पर फंसी और उन्हें स्वयं करीब दो घंटे तक परेशानी उठानी पड़ी, तो मामला तत्काल उच्च स्तर तक पहुंच गया। घटना ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि क्या आम जनता की शिकायतों पर भी इतनी ही तेजी से कार्रवाई होती, जितनी तेजी से संगठन मंत्री की नाराजगी के बाद सड़क की मरम्मत शुरू हुई?

फिलहाल मरम्मत कार्य शुरू होने से राहगीरों को राहत की उम्मीद है। लेकिन यह मामला भाजपा संगठन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के लिए भी एक तरह का जवाबदेही का संदेश माना जा रहा है। संगठन मंत्री पवन साय की नाराजगी के बाद अब देखना होगा कि सड़क की अस्थायी मरम्मत के बाद इसकी स्थायी समस्या का समाधान कब तक होता है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft