Friday ,April 24, 2026
होमछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में भी वोट चोरी का बड़ा आरोप, विकास उपाध्याय ने उठाए कई सवाल, गड़बड़ी की शिकायत चुनाव आयोग से की...

छत्तीसगढ़ में भी वोट चोरी का बड़ा आरोप, विकास उपाध्याय ने उठाए कई सवाल, गड़बड़ी की शिकायत चुनाव आयोग से की

 Newsbaji  |  Aug 19, 2025 04:32 PM  | 
Last Updated : Aug 19, 2025 04:41 PM
छत्तीसगढ़ में वोट चोरी का बड़ा आरोप, पूर्व विधायक ने खोला मोर्चा
छत्तीसगढ़ में वोट चोरी का बड़ा आरोप, पूर्व विधायक ने खोला मोर्चा

रायपुर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाने के बाद अब कांग्रेस के नेता लगातार यह मुद्दा उठा रहे हैं। राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भी वोट चोरी का आरोप लगाया था, जबकि अब छत्तीसगढ़ के पूर्व संसदीय सचिव व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विकास उपाध्याय ने वर्ष 2023 के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में वोट चोरी का बड़ा आरोप लगाया है। 

भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, लेकिन आज यही लोकतंत्र भाजपा के हाथों बंधक बना हुआ है। वोट की तिजोरी भाजपा ने लूटी है और चुनाव आयोग चुपचाप ताला पकड़े खड़ा है। हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कर्नाटक के सेंट्रल बेंगलुरु सहित कई सीटों पर हुए वोट चोरी के पैटर्न का खुलासा किया था। अब छत्तीसगढ़ से भी ऐसे ही गंभीर प्रमाण सामने आए हैं। 

इन सीटों पर कम अंतर से हारी थी कांग्रेस 
छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि, वर्ष 2023 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच महज 4 प्रतिशत वोट का अंतर रहा। 90 विधानसभा सीटों में से करीब 5 सीटों पर भाजपा 5000 वोटों से भी कम वोट से जीत दर्ज की थी।

1. कांकेर - 16 वोट
2. अंबिकापुर - 94 वोट
3. पत्थलगांव - 255 वोट
4. पाली-तनाखार - 714 वोट
5. भरतपुर-सोनहत - 4919 वोट

वही, 10 सीट ऐसी हैं, जहां भाजपा को 12000 से भी कम वोटो से जीत हासिल हुई है। इतने मामूली अंतर पर जीत, और वह भी फर्जीवाड़े के सहारे ही हो सकता है। यह लोकतंत्र की लूट से कम नहीं है।

क्रमांक विधानसभा क्षेत्र वोट
01. साजा (68)        5196 वोट
02. केशकाल (82) 5560 वोट
03.  कुरूद (57) 8090 वोट
04. चित्रकूट (87) 8370 वोट
05. बिल्हा (29) 8957 वोट
06.  बेमेतरा (69) 9134 वोट
07. प्रतापपुर (6) 11708 वोट
08. मुंगेली (27) 11781 वोट
09. मनेंद्रगढ़ (2) 11880 वोट
10.  राजिम (54)     11911 वोट

इस तरह से हुई वोट चोरी
1. रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत और परिजनों के नाम रायपुर पश्चिम और उत्तर दोनों जगह दर्ज है।
2. बसना विधायक संपत अग्रवाल और परिजनों के नाम दो विधानसभा क्षेत्रों में दर्ज है।
3. कोरबा से स्थानांतरित हो चुके कलेक्टर और दीगर अधिकारियों और परिवार के सदस्यों के नाम अब भी सूची में दर्ज।
4. रायपुर और राजनांदगांव में एक ही नाम-पते वाले मतदाता अलग-अलग वार्डों में है।
5. बिलासपुर-रायपुर विधानसभा में मृत व्यक्तियों के नाम हटाए बिना मतदान हुआ।
6. महासमुंद-बलोद में बाहर से लाकर फर्जी मतदाता बनाए गए।
7. दुर्ग में वास्तविक मतदाताओं को बूथ से रोका गया, उनके नाम पर पहले ही फर्जी वोट डलवाए गए।

यह सब दर्शाता है कि, एक सुनियोजित साजिश के तहत मतदाता सूची में हेराफेरी कर लोकतांत्रिक जनादेश को प्रभावित किया गया है। कांग्रेस पार्टी ने इस पूरे प्रकरण की जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने अपनी मांग को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ को चुनाव आयोग के नाम से शिकायती पत्र सौंपा है। उन्होंने पांच बिन्दुओं के तहत जांच करानी की मांग की है।   

1. मतदाता सूची की स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए।
2. जिन नेताओं का नाम एक से अधिक स्थानों पर पाया गया, उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज हों।
3. संदेहास्पद नामों का घर-घर सत्यापन कराया जाए।
4. फर्जी वोट डलवाने में शामिल अधिकारियों और दलालों पर कानूनी कार्रवाई की जाए।
5. चुनाव आयोग अपनी विश्वसनीयता बचाने के लिए तत्काल कदम उठाए।

पूर्व कांग्रेस विधायक विकास उपाध्याय ने बताया कि, छत्तीसगढ़ में हमारे द्वारा प्रारंभिक और कुछ विधानसभाओं पर केंद्रित जांच की गई है, जिसमें यह गंभीर गड़बड़ियां मिली है। जिससे कि यह प्रतीत होता है कि, छत्तीसगढ़ में भी वोट चोरी की गई है, इसलिए कांग्रेस साफ चेतावनी देती है कि वोट चोरी और लोकतंत्र की हत्या की इस साजिश को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।। वोट चुराकर सत्ता पाने वालों को जनता कभी माफ़ नहीं करेगी। लोकतंत्र पर डाका डालने वाले भाजपा और उनका साथ देने वालों का पर्दाफाश हर स्तर पर होगा।

राहुल गांधी जी ने जिस “वोट चोरी के पैटर्न“ को राष्ट्रीय स्तर पर उजागर किया था, वह अब छत्तीसगढ़ में भी साफ दिखाई दे रहा है। कांग्रेस पार्टी जनता के साथ खड़ी है और लोकतंत्र की इस डकैती को रोकने के लिए सड़क से सदन तक निर्णायक संघर्ष करेगी।

बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा था, इस चुनाव में कांग्रेस को 35 सीटें मिली थी, जबकि बीजेपी ने 54 सीटों के साथ सरकार बनाई थी, जबकि एक सीट गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को मिली थी। 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft