सक्ती. छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में बाराद्वार क्षेत्र में नए साल का जश्न 6 परिवारों के लिए मातम बनकर आया है. ये लोग नए साल की पार्टी में रातभर जश्न मनाने के बाद घर लौट रहे थे. उनकी कार हादसे का शिकार हो गई. इस घटना में उपसरपंच और पटवारी पति की मौत हो गई. जबकि 4 अन्य घायल हुए हैं. उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना सोमवार की सुबह हुई है. बाराद्वार क्षेत्र के ग्राम लवसरा निवासी गांव के उपसरपंच चतुरमन सिंह, पटवारी पति रवि कंवर समेत सभी 6 लोग रविवार की रात पार्टी मनाने के लिए कार से बाराद्वार गए थे.
वहां सभी ने रातभर पार्टी की और नए साल का जश्न मनाया. फिर सोमवार की सुबह कार से ही वापस अपने गांव लौट रहे थे. तभी धनेलीभाठा के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई. फिर एक मकान की बाउंड्रीवाल से जा टकराई.
टक्कर इतनी तेज थी कि कार के सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे. तब पता चला कि 2 लोगों की मौत हो चुकी है. इसमें उपसरपंच चतुरमन और पटवारी पति रवि कंवर शामिल थे. वहीं घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ ही पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने शवों को पीएम के लिए भेजा है. साथ ही मामले की जांच की जा रही है.
सिमगा में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई यात्री बस, 3 की मौत, 10 घायल
फर्जी दस्तावेजों से दुकान बेचकर 28 लाख की धोखाधड़ी, सुपेला पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft