कोरबा। जिले के कटघोरा क्षेत्र से लगे सलोरा-छुरी गांव में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से 3 ग्रामीणों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है, जबकि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में करीब 25 से 30 ग्रामीण धान की रोपाई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ खेत की मेढ़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से तीन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य ग्रामीणों ने तत्काल तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कटघोरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग पंचनामा की कार्रवाई के बाद मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और खेतों में काम करने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है.
बलौदाबाजार में कारोबारी राजकुमार सराफ के घर ED और IT की संयुक्त दबिश, देर रात से जांच जारी
पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी को ED ने किया गिरफ्तार, मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से होगी पूछताछ
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft