अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लुंड्रा क्षेत्र से दर्दनाक खबर सामने आई है. यहां कुआंनुमा ढोढ़ी में डूबकर 3 बच्चियों की मौत हो गई है. जानकारी मिलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया है. पुलिस भी जांच के लिए मौके पर पहुंच गई है.
बता दें कि सरगुजा समेत उत्तरी छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्रों में पानी का समुचित साधन अब तक उपलब्ध नहीं हुआ है. ऐसे में यहां के लोग कुआंनुमा ढोढ़ी बनाकर उसके पानी का उपयोग पेयजल व अन्य कामों में करते हैं. ऐसा ही ढोढ़ी लुंड्रा क्षेत्र के बकना कला गांव में बना हुआ है. यहां ये बच्चियां नहाने के लिए गई थीं. तभी ये दर्दनाक हादसा हो गया.
जता रहे ये आशंका
बताया जा रहा है कि पानी में डूबने से जिन 3 बच्चियों की मौत हुई है उनकी उम्र 15 साल, 9 साल और 5 साल थी. हमेशा की तरह ये पानी भरने और नहाने के लिए यहां पहुंची थीं. माना जा रहा है कि कोई एक बच्ची गहराई में चली गई होगी और उसे बचाने के चक्कर में बाकी भी डूब गई होंगी. बाद में लोगों को पता तब चला जब उनकी लाश पानी में तैर रही थी.
पुलिस जुटी जांच में
घटना की जानकारी मिलते ही गांवभर में हड़कंप मच गया. बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. इस दौरान तीनों शवों को बाहर निकाला गया. साथ ही पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया. साथ ही मामले की जांच की जा रही है.
फर्जी दस्तावेजों से दुकान बेचकर 28 लाख की धोखाधड़ी, सुपेला पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
बर्खास्त आरक्षक लक्ष्मण गाईन पर ACB-EOW का शिकंजा, आय से 1.03 करोड़ रुपए अधिक खर्च का खुलासा
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft