रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV), रायपुर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.एससी. कृषि (ऑनर्स) पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित शासकीय एवं निजी कृषि महाविद्यालयों में प्रवेश राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत किया जाएगा।
विश्वविद्यालय के अनुसार, प्रथम चरण की ऑनलाइन काउंसलिंग 5 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक चलेगी। जिन अभ्यर्थियों का शुल्क भुगतान असफल रहा है, वे 16 अगस्त को दोबारा शुल्क जमा कर सकेंगे।
18 अगस्त को पीएटी (PAT) परीक्षा की प्रावीण्य सूची के आधार पर अभ्यर्थियों को प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय का आवंटन किया जाएगा। इसके बाद 20 से 22 अगस्त तक कृषि महाविद्यालय, रायपुर में सुबह 8:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक दस्तावेजों का सत्यापन होगा। आवंटित सीट सुरक्षित करने के लिए अभ्यर्थियों को 20 से 23 अगस्त के बीच ऑनलाइन शुल्क जमा करना होगा।
यदि कोई अभ्यर्थी सीट आवंटित होने के बावजूद उसे सुरक्षित नहीं कर पाता और अगले चरण की काउंसलिंग में शामिल होना चाहता है, तो उसे ऑनलाइन आवेदन करना होगा। वहीं, जिन अभ्यर्थियों को अभी तक कोई सीट नहीं मिली है, वे 20 से 24 अगस्त (रात्रि 11:30 बजे तक) स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं।
सीट निरस्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी भी 20 से 24 अगस्त के बीच ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। 25 अगस्त को आवंटित एवं रिक्त सीटों की जानकारी तथा स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
स्पॉट काउंसलिंग के तहत 31 अगस्त से 1 सितंबर के बीच सीट आवंटन होगा और अभ्यर्थियों को उसी दौरान कृषि महाविद्यालय, रायपुर में दस्तावेज सत्यापन एवं शुल्क जमा करना होगा। कन्वर्शन काउंसलिंग की प्रक्रिया 2 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
विश्वविद्यालय ने कहा है कि, पूरी प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है। अभ्यर्थी काउंसलिंग से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश और अन्य जानकारी के लिए www.igkv.ac.in पर विजिट कर सकते हैं।
45 लाख रुपए की जप्त शराब नष्ट, 112 प्रकरणों की 5,480 बल्क लीटर मदिरा का किया नष्ट
1.13 करोड़ की ठगी, 45 करोड़ के कथित नकली नोट दिलाने का झांसा, महाराष्ट्र के जालसाजों पर केस
सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी, नक्सली डंप से .315 बोर रायफल और 49 जिंदा कारतूस बरामद
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft