रायबरेली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी मंगलवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे। उनके पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। दौरे के दौरान राहुल गांधी ने व्यापारियों और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
छोटे और मध्यम कारोबारियों पर आर्थिक नीतियों का असर: राहुल
व्यापारियों से बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन नीतियों का सबसे ज्यादा असर छोटे और मध्यम कारोबारियों पर पड़ा है। व्यापारी वर्ग महंगाई, आर्थिक मंदी और बाजार में घटती मांग से परेशान है।
उन्होंने कहा कि, आम लोगों की क्रयशक्ति में कमी का सीधा असर स्थानीय बाजार और कारोबार पर पड़ रहा है। व्यापारियों की समस्याओं को सुनने के बाद राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस उनकी आवाज को सड़क से लेकर संसद तक उठाएगी।
आभूषण नहीं खरीदने की अपील पर राहुल का निशाना
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री की हालिया आभूषण नहीं खरीदने संबंधी अपील को भी गैरजरूरी बताया। उन्होंने कहा कि पहले से आर्थिक मुश्किलों का सामना कर रहे कारोबारियों के लिए इस तरह के बयान उनकी चिंता बढ़ा सकते हैं। राहुल गांधी ने दावा किया कि लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करने वाला व्यापारी वर्ग अब उसकी नीतियों से परेशान है। हालांकि, यह राहुल गांधी का राजनीतिक दावा है।
सर्राफा कारोबारियों ने बताई अपनी समस्याएं
प्रभु टाउन में सर्राफा व्यापारी फाना त्रिवेदी के आवास पर व्यापारियों के साथ बैठक हुई। इस दौरान व्यापारियों ने सोने-चांदी के कारोबार में आई गिरावट, बढ़ती महंगाई और लोगों की घटती क्रयशक्ति जैसे मुद्दे राहुल गांधी के सामने रखे। व्यापारियों ने बताया कि, बाजार में मांग कम होने के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है और मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों में छोटे कारोबारियों के सामने कई तरह की चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। राहुल गांधी ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वासन दिया कि कांग्रेस उनके मुद्दों को सड़क से लेकर संसद तक उठाने का प्रयास करेगी।
केमिस्ट एसोसिएशन ने ऑनलाइन दवा बिक्री का मुद्दा उठाया
इसके बाद भुएमऊ गेस्ट हाउस में राहुल गांधी ने केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। दवा कारोबारियों ने ऑनलाइन माध्यम से बिना चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं की बिक्री का मुद्दा उठाया। केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों का कहना था कि, ऑनलाइन माध्यमों से इस तरह दवाओं की बिक्री होने से पारंपरिक दवा कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने अपनी समस्याओं और मांगों से राहुल गांधी को अवगत कराया। राहुल गांधी ने प्रतिनिधिमंडल की बातें सुनीं और उनकी समस्याओं को उचित स्तर पर उठाने का आश्वासन दिया।
बुधवार को भी जारी रहेगा राहुल गांधी का रायबरेली दौरा
राहुल गांधी का दो दिवसीय रायबरेली दौरा बुधवार को भी जारी रहेगा। इस दौरान उनके विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने और स्थानीय लोगों तथा अलग-अलग वर्गों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ कैबिनेट की अहम बैठक आज, नए प्रस्तावों पर टिकी निगाहें
सिम्स बिलासपुर में पहली बार सेंट्रल पूल सीट से नागालैंड की छात्रा ने लिया MBBS में प्रवेश
खैर लकड़ी के अवैध परिवहन और फर्जी NOC मामले में बड़ा एक्शन, आरोपी के घर से 81 लाख कैश बरामद
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft