Wednesday ,August 19, 2026
होमदेश-दुनियाकोलकाता में होटल में भीषण आग, 9 लोगों की मौत; 6 घायल, तारापीठ के बाद दूसरी बड़ी घटना...

कोलकाता में होटल में भीषण आग, 9 लोगों की मौत; 6 घायल, तारापीठ के बाद दूसरी बड़ी घटना

 Newsbaji  |  Aug 19, 2026 08:22 AM  | 
Last Updated : Aug 19, 2026 08:22 AM
कोलकाता के न्यू मार्केट स्थित होटल में भीषण आग, 9 लोगों की मौत
कोलकाता के न्यू मार्केट स्थित होटल में भीषण आग, 9 लोगों की मौत

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में लगातार दूसरे बड़े होटल अग्निकांड ने चिंता बढ़ा दी है। तारापीठ के बाद अब कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित एक होटल में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

होटल में फंसे लोगों को लेकर मची थी चिंता
जानकारी के मुताबिक, आग लगने के समय होटल के अंदर कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना की जांच के बाद ही आग की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

तारापीठ में भी होटल में लगी थी आग
कोलकाता की इस घटना से महज दो दिन पहले पश्चिम बंगाल के तारापीठ में भी होटल में भीषण आग लगी थी। सोमवार, 17 अगस्त को मंदिर नगरी स्थित एक चार मंजिला होटल के भूतल पर आग लगी थी। हादसे के समय होटल में ठहरे ज्यादातर श्रद्धालु सो रहे थे।

आग देखते ही देखते पूरी इमारत में फैल गई, जिससे होटल में ठहरे लोगों में भगदड़ और अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलने के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हुई थी।

लगातार दो घटनाओं से उठे सुरक्षा पर सवाल
तारापीठ और अब कोलकाता में होटल में आग लगने की घटनाओं ने होटल एवं व्यावसायिक इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन निकासी के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तारापीठ की आग प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट के कारण लगने की आशंका जताई गई थी, जबकि कोलकाता की घटना में आग के कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft