Sunday ,September 06, 2026
होमदेश-दुनियाKGMU के सभी छात्रावासों की मेस में मांसाहारी भोजन पर रोक, तत्काल प्रभाव से आदेश लागू...

KGMU के सभी छात्रावासों की मेस में मांसाहारी भोजन पर रोक, तत्काल प्रभाव से आदेश लागू

 Newsbaji  |  Jul 15, 2026 10:22 AM  | 
Last Updated : Jul 15, 2026 10:22 AM
KGMU के छात्रावासों की मेस में मांसाहारी भोजन पर रोक संबंधी आदेश
KGMU के छात्रावासों की मेस में मांसाहारी भोजन पर रोक संबंधी आदेश

लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), लखनऊ ने विश्वविद्यालय के सभी छात्रावासों की मेस और कैंटीन में मांसाहारी भोजन पकाने और परोसने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। इस संबंध में चीफ प्रॉक्टर कार्यालय की ओर से 15 जुलाई 2026 को एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया है।

चीफ प्रॉक्टर प्रो. कमल कुमार सावलानी द्वारा जारी पत्र में विश्वविद्यालय के सभी प्रॉवोस्ट को निर्देशित किया गया है कि कुलपति के मौखिक निर्देशों के अनुपालन में सभी छात्रावासों की मेस एवं कैंटीन में मांसाहारी भोजन न तो पकाया जाए और न ही परोसा जाए।

पत्र में यह भी कहा गया है कि छात्रों के आहार में प्रोटीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए शाकाहारी प्रोटीन स्रोतों का समुचित उपयोग किया जाए, ताकि पोषण संबंधी आवश्यकताओं पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस निर्देश का तत्काल प्रभाव से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। पत्र की प्रतिलिपि कुलसचिव, चीफ प्रॉक्टर, मीडिया प्रभारी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण तथा कुलपति के निजी सचिव को भी भेजी गई है।

हालांकि, पत्र में मांसाहारी भोजन पर प्रतिबंध लगाने का कोई विस्तृत कारण या अवधि का उल्लेख नहीं किया गया है। ऐसे में इस निर्णय को लेकर छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन के बीच चर्चा होने की संभावना है।

पत्र के प्रमुख बिंदु:

  • KGMU के सभी छात्रावासों की मेस और कैंटीन में मांसाहारी भोजन पर रोक।
  • मांसाहारी भोजन न पकाने और न परोसने के निर्देश।
  • छात्रों के लिए शाकाहारी प्रोटीन स्रोत उपलब्ध कराने पर जोर।
  • आदेश तत्काल प्रभाव से लागू।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft