दिल्ली। NEET-UG परीक्षा को लेकर उपजे विवाद और देश भर में जारी छात्रों के प्रदर्शन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने देश के युवाओं के नाम एक भावुक पत्र जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना इस्तीफा सौंपने की जानकारी दी।
धर्मेन्द्र प्रधान का ट्विट: https://x.com/dpradhanbjp/status/2080938216505667663?s=48
"परीक्षा माफिया के कारण किसी छात्र का भविष्य खराब नहीं होने देंगे"
धर्मेंद्र प्रधान ने पत्र में लिखा कि वे पिछले चार दशकों से अधिक समय से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधारों के लिए समर्पित रहे हैं। NEET-UG परीक्षा में आई अनियमितताओं पर बात करते हुए उन्होंने कहा, 3 मई 2026 को हुई NEET-UG परीक्षा में गड़बड़ी सामने आने के बाद सरकार ने तुरंत संज्ञान लिया, मामले की जांच CBI को सौंपी और परीक्षा रद्द कर पुनः परीक्षा की तिथि घोषित की। साथ ही अगले वर्ष से इस परीक्षा को CBT (Computer-Based-Test) मोड में आयोजित करने का बड़ा निर्णय लिया गया।
उन्होंने कहा कि, 20 लाख से अधिक छात्रों का भविष्य ध्यान में रखते हुए 21 जून 2026 को निष्पक्ष रूप से परीक्षा संपन्न कराई गई और 16 जुलाई को संतोषजनक परिणाम भी जारी किए गए।
इस्तीफे के पीछे बताई यह वजह
पत्र में धर्मेंद्र प्रधान ने जंतर-मंतर पर हो रहे प्रदर्शनों और देश में बनी राजनीतिक परिस्थिति का जिक्र करते हुए लिखा कि वे नहीं चाहते कि इस स्थिति का कोई राष्ट्र-विरोधी ताकतें अनुचित लाभ उठाएं।
युवाओं को भ्रम से बचाना
देश की युवाशक्ति को भ्रम के कुचक्र में फंसने नहीं देना मेरा संकल्प है। कानूनी पेचीदगियों से दूर रहें छात्र "भारत का कोई भी छात्र कानूनी पेचीदगियों में न उलझे और अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करे, इसी सोच के साथ मैंने अपना त्यागपत्र प्रधानमंत्री जी को भेज दिया है।"
प्रधानमंत्री और सहयोगियों का जताया आभार
धर्मेंद्र प्रधान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और विश्वास में राष्ट्र सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात रही। उन्होंने अपने सहयोगियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का भी शुक्रिया अदा किया।
उन्होंने अंत में लिखा कि प्रभु श्रीजगन्नाथ जी के आशीर्वाद से वे आगे भी भारत माता, ओडिशा की जनता और देश के युवाओं की सेवा में समर्पित रहेंगे।
शिवनाथ नदी में नहाने के दौरान दो युवक बहे, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft