केरलम। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से जुड़े ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य में 10 स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) मामले में की गई, जो विजयन की बेटी वीना थाइकंडियिल की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन से संबंधित है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ED ने तिरुवनंतपुरम स्थित उस किराए के घर की भी जांच की, जहां हाल ही में पिनाराई विजयन शिफ्ट हुए थे। बताया जा रहा है कि उनकी बेटी वीना थाइकंडियिल भी वहीं रह रही थीं।
हाई कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद ED की कार्रवाई
यह छापेमारी केरल हाई कोर्ट के उस फैसले के बाद हुई, जिसमें अदालत ने CMRL और एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस के बीच कथित संदिग्ध लेन-देन की जांच पर रोक लगाने की याचिका खारिज कर दी थी। 26 मई को दिए गए इस फैसले में कोर्ट ने ED द्वारा दर्ज ECIR को चुनौती देने वाली याचिका स्वीकार नहीं की।
हालांकि, इस मामले में सीधे तौर पर पिनाराई विजयन का नाम शामिल नहीं है, लेकिन उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान यह राज्य का बड़ा राजनीतिक विवाद बन गया था। विपक्ष लगातार आरोप लगाता रहा है कि CMRL ने एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को बिना किसी सेवा के भुगतान किए।
ED जांच पहले भी विवादों में रही
इस मामले की जांच के दौरान ED पर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। कंपनी के तीन अधिकारियों ने एजेंसी पर पूछताछ के दौरान गैर-कानूनी तरीके से हिरासत में रखने का आरोप लगाया था। इसके बाद जून 2024 में केरल हाई कोर्ट ने ED को पूछताछ से जुड़े CCTV फुटेज सुरक्षित रखने का निर्देश दिया था। इस केस की जांच सिर्फ ED ही नहीं, बल्कि सीरियस फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन ऑफिस (SFIO) भी कर रहा है।
राजनीतिक तनाव के बीच बढ़ी हलचल
ED की यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब केरल में राजनीतिक माहौल पहले से ही गर्म है। दिसंबर 2023 में ‘नव केरलम यात्रा’ के दौरान विरोध कर रहे यूथ कांग्रेस और KSU कार्यकर्ताओं पर कथित हमले का मामला भी लगातार चर्चा में रहा है।
SIT जांच में पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर गैर-कानूनी बल प्रयोग की बात सामने आने के बाद विजयन से जुड़े पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया था। अब ED की ताजा कार्रवाई ने राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft