Mumbai. प्रवर्तन निदेशालय के कार्यालय में 27 अप्रैल की दरमियानी रात को भीषण आग लग गई। यह आग कैसर-ए-हिंद नामक बहुमंजिला इमारत की चौथी मंजिल पर लगी है, जहां ईडी का कार्यालय स्थित है। इस इमारत में अन्य सरकारी दफ्तर भी हैं। आग की सूचना मिलने के तुरंत बाद मुंबई अग्निशमन विभाग ने त्वरित कार्रवाई की और 12 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची है। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन महत्वपूर्ण दस्तावेजों के नुकसान का खतरा बना हुआ है।
भीषण आग
मिली जानकारी के अनुसार, आग रात करीब 2:31 बजे लगी और कुछ ही समय में भीषण आग में तब्दील हो गई। मुंबई अग्निशमन विभाग ने स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए दमकल गाड़ियां, छह टैंकर, एक बचाव वैन, एक त्वरित प्रतिक्रिया वाहन और एक एम्बुलेंस सहित कई संसाधन तैनात किए गए। आग मुख्य रूप से चौथी मंजिल तक सीमित रही, लेकिन इमारत के ऊपरी हिस्सों से धुआं निकलता रहा, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। सुबह तक आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी थीं, लेकिन पूरी तरह से आग बुझाने में समय लग रहा था।
कई हाई प्रोफाइल मामलों की जांच
प्रवर्तन निदेशालय के मुंबई कार्यालय में कई हाई-प्रोफाइल मनी लॉन्ड्रिंग मामलों की जांच चल रही है। जिनमें नीरव मोदी, मेहुल चोकसी और येस बैंक के राणा कपूर जैसे बड़े नाम शामिल हैं। ऐसे में आग से इन मामलों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी के नुकसान का खतरा बढ़ गया है। हालांकि, ईडी की तरफ से अभी तक आग के कारणों या दस्तावेजों को हुए नुकसान पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft