लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों की ओर से मतदाताओं को लुभाने वाली घोषणाओं का सिलसिला शुरू हो गया है। महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपए दिए जाने की घोषणा के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त कर सभी को पक्की नौकरी देने का ऐलान किया है।
गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर महंगाई, भ्रष्टाचार, स्वास्थ्य व्यवस्था और सांप्रदायिकता के मुद्दे पर निशाना साधा। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कई घटनाओं का उल्लेख किया।
अखिलेश यादव ने झांसी की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि बीमारी के कारण एक व्यक्ति की पत्नी की मौत हो गई। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वह इलाज नहीं करा सका। उन्होंने दावा किया कि व्यक्ति घंटों पत्नी के शव के साथ बैठा रहा और कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। एक कांस्टेबल ने उसे घर पहुंचाने में मदद की, लेकिन अंतिम संस्कार के लिए पैसे नहीं होने के कारण उसे शव नदी में बहाना पड़ा।
उन्होंने सरकार के आर्थिक विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि जीडीपी बढ़ रही है और निवेश आ रहा है, तो ऐसी घटनाएं इन आंकड़ों की वास्तविकता पर सवाल खड़ा करती हैं। उन्होंने कहा कि जीडीपी के आंकड़ों का लाभ आम गरीब तक पहुंचना चाहिए, न कि केवल बड़े कारोबारियों तक सीमित रहना चाहिए।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा
सपा प्रमुख ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने एक बच्ची का उदाहरण देते हुए कहा कि पैर टूटने के बाद उसके पैर पर प्लास्टर लगाया गया, लेकिन बाद में संक्रमण होने पर उसकी टांग काटनी पड़ी। उन्होंने इससे पहले पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे एक व्यक्ति के हाथ काटे जाने की घटना का भी उल्लेख किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने की जरूरत है और सरकार को भी अपनी नीतियों का 'इलाज' करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कोई भी गरीब व्यक्ति अस्पताल पहुंचेगा तो उसका इलाज कराया जाएगा और उसे इलाज के लिए किसी कार्ड के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा।
लखीमपुर और पीलीभीत को एक्सप्रेसवे से जोड़ने का वादा
लखनऊ को मिले एक अवार्ड पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने भी इसके बारे में सुना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बारिश के दिनों में शहर का AQI मापा गया है, यह अच्छी बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर लखीमपुर और पीलीभीत को ऑल-वेदर एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। इससे दोनों क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और आवागमन को बेहतर बनाने का दावा किया गया।
भाजपा प्रभारी की नियुक्ति पर तंज
भाजपा के प्रदेश प्रभारी के रूप में विनोद तावड़े की नियुक्ति के सवाल पर अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा, "AI के जमाने में TI आए हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल सांप्रदायिकता के मुद्दे पर चुनाव लड़ना चाहती है और उसके पास जनता से जुड़े अन्य मुद्दे नहीं हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि आगामी चुनाव में महंगाई, बेरोजगारी, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे महत्वपूर्ण होंगे। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं, गरीबों और आम लोगों के हित में कई बड़े फैसले लिए जाएंगे।
एकलव्य विद्यालय में 10वीं के छात्र की मौत, कमरे में फंदे पर मिला शव; जांच में जुटी पुलिस
रायपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल: 7 निरीक्षकों के तबादले, कई थाना प्रभारियों की बदली जिम्मेदारी
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft