Sunday ,May 31, 2026
होमदेश-दुनियाचंबा में दर्दनाक हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 8 लोगों की मौके पर मौत...

चंबा में दर्दनाक हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 8 लोगों की मौके पर मौत

 Newsbaji  |  May 31, 2026 10:38 AM  | 
Last Updated : May 31, 2026 10:38 AM
चंबा में भीषण सड़क हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 8 लोगों की मौत
चंबा में भीषण सड़क हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 8 लोगों की मौत

चंबा/हिमाचल प्रदेश। प्रदेश के चंबा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। बैरागढ़-साच पास-किलर रोड पर पर्यटकों से भरी एक बोलेरो गाड़ी करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसा शुक्रवार देर रात हुआ, लेकिन दुर्गम क्षेत्र और संचार सुविधाओं के अभाव के कारण इसकी जानकारी शनिवार शाम को मिल सकी।

पुलिस और प्रशासन के अनुसार, वाहन में सवार सभी 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पर्यटक और टैक्सी चालक शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पर्यटक कोलकाता और बेंगलुरु से हिमाचल घूमने आए थे। इनमें 2 बच्चे भी शामिल थे।

डलहौजी से बर्फ देखने निकले थे पर्यटक
जानकारी के मुताबिक, सभी पर्यटक शुक्रवार को डलहौजी से साच पास क्षेत्र में बर्फबारी और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने निकले थे। देर रात तक उनके परिजनों से संपर्क नहीं हो पाया, जिसके बाद चिंता बढ़ गई। जब टैक्सी निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटी तो वाहन मालिक ने उसकी तलाश शुरू की।

वाहन में लगे GPS सिस्टम की मदद से लोकेशन ट्रैक की गई। ट्रैकिंग के दौरान पता चला कि बोलेरो कालाबन क्षेत्र के पास एक ही स्थान पर रुकी हुई है और उसमें कोई गतिविधि नहीं हो रही है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और खोज अभियान शुरू किया गया।

सर्च ऑपरेशन में मिली दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी
पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम ने खोज अभियान चलाया, जिसके दौरान कालाबन के समीप गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो वाहन मिला। जांच में आशंका सही साबित हुई और वाहन के खाई में गिरने की पुष्टि हुई।

चंबा के पुलिस अधीक्षक, विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिरा हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft