गौरेला. गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की गौरेला पुलिस ने एक ऐसे गिरोह को पकड़ा है, जिन्होंने पहले तो एक रिटायर्ड टीचर को उनकी जमीन पर टावर लगाने का झांसा दिया और फिर एक और ठग की एंट्री हुई, जिसने नागमणि का लालच दिया. टावर लगवाने वाले एजेंट भी उसके झांसे में आते दिखे तो रिटायर्ड टीचर का भरोसा बढ़ गया और 15 लाख रुपये देने को राजी हो गए. बाद में उन्हें खाली पैकेट ही थमा दिया गया. उनकी शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर तलाश शुरू की और ठगों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं एक फरार आरोपी को तलाश किया जा रहा है.
सारे ठग कोरिया जिले के रहने वाले हैं और आपस में रिश्तेदार हैं. इन्होंने ठगी के लिए अपना गिरोह बना लिया था. गौरेला क्षेत्र के रिटायर्ड टीचर हरिप्रसाद कश्यप से उन्होंने पहले टावर लगाने के नाम पर ही संपर्क किया था. उनके पास राजू साहू और संजय कुमार रवि, भोले उर्फ राजकुमार सूर्यवंशी एजेंट बनकर पहुंचे थे. रिटायर्ड टीचर को चार टावर लगाने के लिए दो डिसमिल जमीन का एग्रीमेंट कराने के लिए राजी कर लिया था. ठगों ने उनके साथ टावर के लिए प्रतिमाह 11 हजार रुपये देने का एग्रीमेंट कराया.
इसी बीच योजना के तहत एक व्यक्ति आया और बताया कि उसकी मां करील तोड़ने जंगल गई थी जहां उसे नागमणि मिली है. मार्केट में उसकी कीमत एक करोड़ रुपये से ज्यादा है. वह उसे तीन लाख रुपये में बेचने को तैयार है. फिर रिटायर्ड टीचर को नागमणि दिखाकर उससे 30 लाख रुपये में इस तरह सौदा किया, जिसमें 15 लाख उन्हें देना था और 15 लाख टावर लगाने वाले व्यक्ति को देना था. बाद में रिटायर्ड टीचर ने ठगों को 15 लाख रुपये दे दिए.
फिर नागमणि की जगह एक छोटा सा डिब्बा सीलबंद देकर फरार हो गए. बाद में उन्हें खुद के साथ ठगी होने का एहसास हुआ और वे गौरेला थाने पहुंचे. वहां बीते एक फरवरी को उनकी शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया. इसके बाद एक-एक कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि एक अभी पकड़ से बाहर है.
ये हैं ठगी के आरोपी
गौरेला पुलिस ने जिन आरोपियों को पकड़ा है उनमें संजय कुमार रवि पिता काशीराम रवि उम्र 30 वर्ष सरभोक्का थाना पटना जिला कोरिया, अकलेश कुमार पिता धन्नू जार 38 वर्ष कोटेदार थाना बैकुंठपुर जिला कोरिया, विजय सूर्य पिता गणपत सूर्यवंशी उम्र 27 वर्ष पटना डोर अस्पताल के पास कूड़ेली रोड थाना पटना, विनोद कुमार सूर्यवंशी पिता हंसराज उम्र 30 साल ग्राम बोडार थाना पटना जिला कोरिया, भोले कुमार भास्कर (सूर्यवंशी) पिता शिवबालक भास्कर 20 साल कसरा कटहर पारा थाना पटना जिला कोरिया शामिल हैं.
भारत की कृषि गाथा का नया रूप: परिवर्तन का एक दशक
सड़क पर बर्थडे पार्टी, बोनट पर केक और आतिशबाजी! अभनपुर के नायब तहसीलदार की वायरल रील से मचा बवाल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft