रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे हैं। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अश्वनी नगर में रविवार देर रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। गौसिया मस्जिद के पास हुई इस वारदात में दो अज्ञात हमलावरों ने युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला किया। युवक ने जान बचाने के लिए एक्टिवा से भागने की कोशिश की, लेकिन स्कूटी नाली में फंस गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावरों ने उसका पीछा कर उस पर कई वार कर दिए।
भागने की कोशिश नाकाम, सड़क पर गिरते ही हमलावरों ने किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, डंगनिया निवासी 22 वर्षीय अहमद खान रविवार रात अश्वनी नगर स्थित गौसिया मस्जिद के पास था। इसी दौरान उसका दो अज्ञात युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और दोनों युवकों ने धारदार हथियार निकालकर अहमद पर हमला कर दिया।
हमले से बचने के लिए अहमद ने अपनी एक्टिवा से मौके से निकलने का प्रयास किया। लेकिन कुछ दूरी पर उसकी एक्टिवा नाली में फंस गई। संतुलन बिगड़ने से अहमद सड़क पर गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे हमलावरों ने उसे घेर लिया और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
खून से लथपथ युवक को पहुंचाया गया एम्स
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अहमद को तत्काल एम्स अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस और क्राइम ब्रांच ने संभाला मोर्चा
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का फोकस अब हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी पर है। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।
हत्या के पीछे क्या थी वजह?
फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वारदात पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या किसी अन्य वजह से जुड़ी है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
घनी आबादी वाले अश्वनी नगर में हुई इस निर्मम हत्या ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था और अपराधियों में पुलिस के खौफ को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, ट्रक ने डिवाइडर तोड़ कार को मारी टक्कर; 4 की मौके पर ही मौत
यूथ कांग्रेस चुनाव में सोशल मीडिया बना प्रचार का बड़ा हथियार, 29 सितंबर तक ऑनलाइन वोटिंग
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft