Friday ,September 25, 2026
होमजुर्मओडिशा से बिहार जा रहा था 50 लाख का गांजा, बलरामपुर में पुलिस ने तस्कर को भी पकड़ा...

ओडिशा से बिहार जा रहा था 50 लाख का गांजा, बलरामपुर में पुलिस ने तस्कर को भी पकड़ा

 Newsbaji  |  Sep 25, 2026 09:05 AM  | 
Last Updated : Sep 25, 2026 09:05 AM
50 लाख का 109 किलो गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार
50 लाख का 109 किलो गांजा जब्त, तस्कर गिरफ्तार

बलरामपुर। ओडिशा से बिहार तक गांजे की बड़ी खेप पहुंचाने की तैयारी थी, लेकिन बलरामपुर में पुलिस ने तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। कोतवाली पुलिस ने पिकअप वाहन से 109.235 किलो गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत करीब 50 लाख रुपए आंकी जा रही है। पुलिस ने पिकअप चालक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

गांजा तस्करी के लिए आरोपी ने पिकअप के डाले के नीचे गुप्त चेंबर बना रखा था। इसी चेंबर में प्लास्टिक टेप से पैक किए गए 100 पैकेट गांजे को छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने तलाशी के दौरान इस गुप्त चेंबर का पता लगाकर पूरी खेप जब्त कर ली।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
बलरामपुर कोतवाली पुलिस पुराने NDPS मामलों से जुड़े आरोपियों की गतिविधियों और तकनीकी जानकारी के आधार पर क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर नजर रख रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा से गांजा लेकर एक पिकअप बिहार की ओर जाने वाली है।

सूचना के आधार पर 23 सितंबर की रात पुलिस ने मोबाइल चेक पोस्ट लगाकर घेराबंदी की। इसी दौरान JH 10 AQ 5144 नंबर की सफेद पिकअप वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली तो गुप्त चेंबर में गांजा छिपाकर रखे जाने का खुलासा हुआ। पुलिस ने वाहन से 100 पैकेट गांजा बरामद किया। तौल करने पर कुल वजन 109.235 किलो निकला।

बिहार का रहने वाला है आरोपी
पुलिस ने पिकअप चालक योगीराज शाह (29) को गिरफ्तार किया है। वह बिहार के बक्सर जिले के नवानगर थाना क्षेत्र के ग्राम कतिकनार का निवासी बताया गया है पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। उसे न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया।

सरगना की तलाश जारी
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। गांजा ओडिशा में कहां से लोड किया गया था और बिहार में इसे किसे पहुंचाया जाना था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft