रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रस्तावित स्ट्रेंजर हाउस/पूल पार्टी का पुलिस ने बड़ा पर्दाफाश किया है। सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से प्रचारित किए जा रहे इस इवेंट को आयोजित करने वाले 07 आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया है। इस एक्शन को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर किया है।
तकनीकी विश्लेषण के बाद एक्शन
रायपुर पुलिस के साइबर विंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वेब पोर्टल पर वायरल हो रहे पोस्टर व मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण बारीकी से किया गया। जांच में आयोजन से जुड़े कई लोगों के नाम सामने आए। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर आयोजक समेत 07 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
संतोष गुप्ता (68 वर्ष), एस.एस. फार्म हाउस भाठागांव के मालिक।
संतोष जेवानी (30 वर्ष), कार्यक्रम आयोजक।
अजय महापात्रा (35 वर्ष), कार्यक्रम आयोजक।
अवनीश गंगवानी (31 वर्ष), प्रमोशन कराने वाला।
जेम्स बेक (59 वर्ष), हाईपर क्लब संचालक।
दीपक सिंह (39 वर्ष), हाईपर क्लब से जुड़ा सहयोगी।
देवेन्द्र कुमार यादव (37 वर्ष), हाईपर क्लब से जुड़ा सहयोगी।
बैंक ट्रांजेक्शन की पड़ताल
रायपुर पुलिस का कहना है कि, इस इवेंट में प्रवेश के लिए कई युवाओं ने बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की थी। ऐसे सभी खातों और लेन-देन की जांच की जा रही है। बताया जा रहा कि, यह आयोजन अश्लील गतिविधियों और अवैध पार्टी को बढ़ावा देने की कोशिश थी, जिस पर सख्ती से रोक लगाकर कार्रवाई की गई है।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, राजधानी रायपुर में इस तरह की अवैध पार्टियों के आयोजनों को किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई युवाओं को भटकाने वाले आयोजकों के खिलाफ एक बड़ा संदेश है। पुलिस आगे भी इस तरह के प्रकरण से जुड़े अन्य पहलुओं की गंभीरता से जांच करने में जुट गई है।
CG POLICE में बड़ा फेरबदल: 29 निरीक्षक समेत 30 पुलिसकर्मियों का तबादला
38 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार, 3 महीने में पैसा डबल करने का दिया था झांसा
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft