Friday ,August 07, 2026
होमजुर्मNSA आरोपी को छुड़ाने की कोशिश, परिजनों ने बीच सड़क रोका पुलिस वाहन, बल प्रयोग के बाद आरोपी सुरक्षित जेल भेजा गया...

NSA आरोपी को छुड़ाने की कोशिश, परिजनों ने बीच सड़क रोका पुलिस वाहन, बल प्रयोग के बाद आरोपी सुरक्षित जेल भेजा गया

 Newsbaji  |  Aug 07, 2026 07:57 AM  | 
Last Updated : Aug 07, 2026 07:57 AM
NSA आरोपी को जेल ले जाती पुलिस, बीच रास्ते छुड़ाने की कोशिश नाकाम
NSA आरोपी को जेल ले जाती पुलिस, बीच रास्ते छुड़ाने की कोशिश नाकाम

रायपुर। जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत निरुद्ध किए गए हिस्ट्रीशीटर टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी को जेल भेजने के दौरान हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। पहले थाने में हंगामा हुआ, फिर रास्ते में परिजनों और समर्थकों ने पुलिस वाहन रोककर आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति पर काबू पाया और आरोपी को सुरक्षित केंद्रीय जेल रायपुर पहुंचाया। मामले में शामिल लोगों के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर के आदेश पर हुई कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, रायपुर कलेक्टर ने गोबरा नवापारा के हिस्ट्रीशीटर टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत केंद्रीय जेल रायपुर में निरुद्ध रखने का आदेश जारी किया था। आदेश के पालन में पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर थाने लाई, जहां जेल भेजने से पहले आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही थीं।

थाने में शुरू हुआ हंगामा
इसी दौरान आरोपी के परिजनों सहित करीब 10 महिलाएं और आधा दर्जन पुरुष थाने पहुंच गए। पुलिस के अनुसार, उन्होंने कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा और गाली-गलौज शुरू कर दी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी को जेल के लिए रवाना किया।

बीच रास्ते रोका पुलिस वाहन
पुलिस का दावा है कि, ग्राम बजरंगपुर के पास आरोपी के परिजनों और समर्थकों ने दो से तीन चारपहिया वाहन सड़क पर खड़े कर पुलिस वाहन का रास्ता रोक लिया। इसके बाद उन्होंने आरोपी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाने की कोशिश की। पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और आरोपी को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर केंद्रीय जेल रवाना किया।

आरोपियों पर होगी कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस संबंधित लोगों और घटना में इस्तेमाल किए गए वाहनों को थाने ले आई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, कानून-व्यवस्था भंग करने और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी थी।

13 आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, टुमन उर्फ लल्ला सोनवानी आदतन अपराधी है। वर्ष 2010 से अब तक उसके खिलाफ 13 आपराधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें भारतीय दंड कानून, आबकारी अधिनियम, जुआ-सट्टा, नारकोटिक्स और आर्म्स एक्ट से जुड़े प्रकरण शामिल हैं। इसके अलावा उसके विरुद्ध 11 प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जा चुकी है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft