Monday ,September 14, 2026
होमजुर्मगोपालापुर में भीषण आग: मां-बेटे की मौत, बेटी गंभीर रूप से झुलसी, पेट्रोल केन से विकराल हुई आग...

गोपालापुर में भीषण आग: मां-बेटे की मौत, बेटी गंभीर रूप से झुलसी, पेट्रोल केन से विकराल हुई आग

 Newsbaji  |  Sep 13, 2026 07:06 PM  | 
Last Updated : Sep 13, 2026 07:06 PM
गोपालापुर में भीषण आग, मां-बेटे की मौत; बेटी गंभीर रूप से झुलसी
गोपालापुर में भीषण आग, मां-बेटे की मौत; बेटी गंभीर रूप से झुलसी

सीतापुर। रविवार सुबह शॉर्ट सर्किट से एक घर में लगी भीषण आग ने एक परिवार को तबाह कर दिया। हादसे के समय परिवार के लोग घर के अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से झुलस गई। उसे इलाज के लिए लखनऊ ले जाया गया है।

घर में रखा था पेट्रोल, आग ने देखते ही देखते लिया विकराल रूप
जानकारी के मुताबिक, घर में बिक्री के लिए केन में पेट्रोल रखा हुआ था। आग पेट्रोल तक पहुंचते ही तेजी से फैल गई। इससे परिवार के सदस्यों को संभलने और घर से बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

समय पर मदद नहीं मिलने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि, आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग और एंबुलेंस को दी गई थी, लेकिन समय पर मदद नहीं पहुंच सकी। इसके चलते बेटे की घर के अंदर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से झुलसी मां ने लखनऊ ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। बेटी की हालत भी गंभीर बताई जा रही है।

दुकान पर समोसा बना रहा था कमलेश
गोपालापुर निवासी कमलेश ने बताया कि वह रविवार सुबह अपनी दुकान पर समोसा तैयार कर रहा था। करीब पौने सात बजे अचानक उसे अपने घर की ओर से आग की लपटें दिखाई दीं। वह तत्काल घर की तरफ दौड़ा। कमलेश के मुताबिक, आग इतनी भयंकर थी कि ग्रामीणों ने उसे घर के अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद गांव के लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह, CO महोली नागेंद्र चौबे के साथ मिश्रिख और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों और घर में पेट्रोल रखे जाने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft