Monday ,September 14, 2026
होमजुर्मबैंक खातों की जानकारी लेकर 10% मासिक मुनाफे का झांसा, HDFC का रिलेशनशिप मैनेजर गिरफ्तार...

बैंक खातों की जानकारी लेकर 10% मासिक मुनाफे का झांसा, HDFC का रिलेशनशिप मैनेजर गिरफ्तार

 Newsbaji  |  Sep 13, 2026 12:42 PM  | 
Last Updated : Sep 13, 2026 12:42 PM
गोल्ड ETF में 10 प्रतिशत मासिक मुनाफे का झांसा, HDFC रिलेशनशिप मैनेजर गिरफ्तार
गोल्ड ETF में 10 प्रतिशत मासिक मुनाफे का झांसा, HDFC रिलेशनशिप मैनेजर गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग जिले की सुपेला पुलिस ने निवेश के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले में HDFC बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर राजकुमार तिवारी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह बैंक में अपने पद का फायदा उठाकर बड़ी रकम वाले खाताधारकों की जानकारी हासिल करता था और उन्हें गोल्ड ETF में निवेश कर हर महीने 10 प्रतिशत लाभ दिलाने का झांसा देकर निवेश के लिए तैयार करता था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में पहले से गिरफ्तार मुख्य आरोपी योगेश साहू और उसके सहयोगियों द्वारा निवेशकों को अधिक मुनाफे का लालच दिया जाता था। निवेशकों को भरोसे में लेने के लिए कथित तौर पर अन्य ग्राहकों के बैंक खातों के स्टेटमेंट भी दिखाए जाते थे। इसके बाद निवेश की रकम चेक अथवा बैंक ट्रांसफर के माध्यम से मुख्य आरोपी योगेश साहू के खाते में जमा कराई जाती थी।

पहले मुनाफा देकर जीता भरोसा
जांच में सामने आया कि, निवेशकों का विश्वास कायम रखने के लिए शुरुआत में उन्हें लाभांश की रकम भेजी जाती थी। पुलिस का आरोप है कि कुछ मामलों में यह रकम राजकुमार तिवारी के बैंक खाते से भेजी गई। इससे निवेशकों को योजना के वास्तविक होने का भरोसा हुआ और उन्होंने बड़ी रकम निवेश कर दी।

मामले की शिकायत सेक्टर-07, भिलाई निवासी राजू नामदेव ने थाना सुपेला में दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने उन्हें निवेश पर हर महीने 10 प्रतिशत लाभांश मिलने का भरोसा दिलाया। आरोपियों की बातों पर विश्वास करते हुए राजू नामदेव ने 21 मार्च 2025 को 15 लाख रुपए आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर किए।

शुरुआत में उन्हें लाभांश की राशि मिलती रही, लेकिन कुछ समय बाद भुगतान बंद हो गया। रकम वापस मांगने पर आरोपी लगातार राशि लौटाने का आश्वासन देते रहे। बाद में शिकायतकर्ता को पता चला कि इसी तरह अन्य निवेशकों से भी बड़ी रकम ली गई है।

कई निवेशकों के बयान से सामने आई भूमिका
शिकायत मिलने के बाद सुपेला पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान मोहम्मद रफी, साधना मिश्रा, शिबा शेख सहित अन्य निवेशकों के बयान दर्ज किए गए और उनसे संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई।

पुलिस ने निवेश से जुड़े बैंक खातों और लेन-देन की भी जांच की। विवेचना के दौरान राजकुमार तिवारी की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

बैंक खातों की जांच जारी
पुलिस अब इस कथित निवेश योजना से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft