बिलासपुर। कांग्रेस के संभाग स्तरीय संगठन सृजन एवं प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि, भाजपा के कई नाराज नेता कांग्रेस के संपर्क में हैं और आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
दीपक बैज ने कहा, “भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। भाजपा के नाराज फूफा हमारे संपर्क में हैं। मंत्री खुशवंत साहेब के भाई कांग्रेस में शामिल हुए हैं। यह तो शुरुआत है, समय आने दीजिए, कई लोग पार्टी में शामिल होंगे। अभी कई बड़े धमाके होंगे।”
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए नेताओं पर भी साधा निशाना
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने उन नेताओं पर भी निशाना साधा, जिन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहते हुए ये नेता उनके साथ चलते थे, लेकिन भाजपा में जाने के बाद अब पीछे की लाइन में भी नजर नहीं आते। बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा में कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनी जाती, जबकि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने और नेतृत्व करने का अवसर दिया जाता है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए कई नेता अब वापस आने के लिए लाइन में लगे हुए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लेकर भी दिया बयान
दीपक बैज ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लेकर भी विवादित राजनीतिक टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को आदिवासी नहीं मानती, बल्कि उन्हें “वनवासी” मानती है। उन्होंने कहा, “आदिवासी होते तो विश्व आदिवासी दिवस की बधाई देते।”
जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी
बैज ने कोल ब्लॉक और छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा को लेकर भाजपा सरकार पर पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आने वाले समय में जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ बड़ी लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने हाथी-मानव द्वंद्व और पर्यावरण के मुद्दे को भी उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। बैज ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी।
शराब सिंडिकेट को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप
प्रदेश में शराब व्यवस्था को लेकर भी दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने नकली शराब, होलोग्राम और पैकिंग से जुड़े कथित मामलों का जिक्र करते हुए प्रदेश में शराब सिंडिकेट चलने का दावा किया। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि शराब के इस कथित नेटवर्क से निकलने वाला पैसा और कमीशन आखिर कहां तक पहुंच रहा है। बैज ने पूरे मामले की जांच और जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
रील और डांस को लेकर भाजपा पर तंज
दीपक बैज ने भाजपा की युवा वर्ग तक पहुंच बनाने की कोशिशों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा अब Gen-Z को साधने की कोशिश कर रही है। बैज ने कहा, “इनके पास छत्तीसगढ़ में कोई काम तो है नहीं, इसलिए रील बना रहे हैं, डांस कर रहे हैं। 2028 के बाद इनके पास कोई काम नहीं रहेगा।”
मुख्यमंत्री चेहरे पर बोले- सवाल सीएम का नहीं, सरकार बदलने का है
आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा, इस सवाल पर दीपक बैज ने कहा कि फिलहाल सवाल यह नहीं है कि मुख्यमंत्री कौन होगा। असली सवाल छत्तीसगढ़ को “बेचने वाली” सरकार को सत्ता से बाहर करने का है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के बीच सामंजस्य है और सभी नेता एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं। बैज ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा यह बताए कि उसके बड़े नेता आपस में एक गाड़ी में कब बैठेंगे।
2028 चुनाव के लिए कांग्रेस का रोडमैप तैयार
दीपक बैज ने कहा कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपना रोडमैप तैयार कर लिया है। किसान, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और नगरीय निकायों की स्थिति जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार राज्य सरकार को घेर रही है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता “अर्जुन” बनकर निकलेगा और मछली की आंख पर निशाना साधेगा।
NH-53 पर भीषण हादसा: तीज उत्सव में जा रहे 9 लोगों की मौत, 14 घायल; 6 मासूम भी जख्मी
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft