अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में शासकीय राजीव गांधी पीजी कॉलेज की BA प्रथम वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा अंतरा शाह ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। छात्रा का शव उसके जीजा के पटपरिया स्थित घर के शौचालय में फंदे पर लटका मिला। मामले में NSUI से जुड़े छात्र नेता ज्ञान तिवारी का नाम सामने आया है। मृतका के मामा की शिकायत पर गांधीनगर थाना पुलिस ने ज्ञान तिवारी के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज किया है।
जीजा के घर रहकर कर रही थी पढ़ाई
जानकारी के अनुसार, चिरमिरी के गोदरीपारा निवासी अंतरा शाह अंबिकापुर में कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी। पढ़ाई के लिए वह अपने जीजा निलेश गुप्ता के पटपरिया स्थित घर में रह रही थी। 10 सितंबर की रात अंतरा ने अपनी बहन के साथ खाना खाया और इसके बाद सो गई। अगले दिन सुबह करीब 7:30 बजे परिजन उठे तो घर के शौचालय में अंतरा का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सहेलियों ने लगाया ब्लैकमेलिंग का आरोप
घटना के अगले दिन अंतरा की सहेलियां उसके घर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को बताया कि NSUI से जुड़े छात्र नेता ज्ञान तिवारी कथित तौर पर लंबे समय से अंतरा को ब्लैकमेल कर रहा था। सहेलियों के मुताबिक, इस वजह से वह काफी परेशान रहती थी। इसके बाद अंतरा के मामा ने गांधीनगर थाने पहुंचकर ज्ञान तिवारी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, छात्रा को ब्लैकमेल किए जाने और खुदकुशी के पीछे यही वजह होने की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
ABVP ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन
छात्रा खुदकुशी मामले में NSUI नेता का नाम सामने आने के बाद ABVP कार्यकर्ता गांधीनगर थाने पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर के बाहर प्रदर्शन कर ज्ञान तिवारी की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई और आरोपी छात्र नेता का पुतला भी फूंका गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हल्की झूमाझटकी के बाद आग बुझाई।
टीएस सिंह देव ने की निष्पक्ष जांच की मांग
मामले को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच में जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस
मामला दर्ज होने के बाद से ज्ञान तिवारी के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ और जांच के बाद ही मामले से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस छात्रा के परिजनों और सहेलियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही ब्लैकमेलिंग के लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
AAP ने सड़क, मिलावटी शराब और किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा, आंदोलन की चेतावनी
जांजगीर-चांपा में BDG ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का खुलासा, मास्टर एडमिन समेत 6 गिरफ्तार
गोपालापुर में भीषण आग: मां-बेटे की मौत, बेटी गंभीर रूप से झुलसी, पेट्रोल केन से विकराल हुई आग
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft