राजनांदगांव. छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव से आगे नेशनल हाईवे में चिचोला के पास एक पेट्रोल पंप के मैनेजर से 14 लाख की लूट हो गई है. कार से आए लुटेरे भाग निकले हैं. सूचना के बाद पुलिस ने एनएच से लगे सभी रास्तों की नाकेबंदी कर सफेद रंग की कार की तलाश शुरू कर दी है.
घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है. राजनांदगांव से नेशनल हाईवे पर झंडातालाब और भरकाटोला के बीच चिचोला से 5 किलोमीटर की दूरी पर बायो डीजल पंप के पास ये वारदात हुई है. दरअसल, मारुति फ्यूल पेट्रोल पंप का मैनेजर राजाराम बिस्नोई अपनी ब्रेजा कार से पेट्रोल पंप की रकम 14 लाख रुपये को बैंक में जमा कराने के लिए जा रहा था.
इसी जगह पर एक सफेद रंग की कार में सवार आरोपियों ने उसे रोक लिया. कार से 3 युवक उतरे और सीधे राजाराम पर हमला कर दिया. फिर कार में रखे रुपये से भरे थैले को अपनी कार में लेकर भाग निकले. इसके बाद मैनेजर राजाराम ने इसकी जानकारी पुलिस और पेट्रोल पंप संचालक को दी.
पुलिस ने मामला सामने आते ही सक्रियता दिखाई और तत्काल टीम को रवाना किया. साथ ही अन्य थानों में भी सूचना दे दी. आरोपी जिस दिशा में भागे थे, उधर के जितने भी रास्ते नेशनल हाईवे से मिला है, सभी में नाकेबंदी कर आरोपियों की पतासाजी की जा रही है. बहरहाल आरोपी पकड़ से बाहर हैं. इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.
भारत की कृषि गाथा का नया रूप: परिवर्तन का एक दशक
सड़क पर बर्थडे पार्टी, बोनट पर केक और आतिशबाजी! अभनपुर के नायब तहसीलदार की वायरल रील से मचा बवाल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft