कोरबा। जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे गांव को सन्न कर दिया। लेमरू थाना क्षेत्र के वनांचल ग्राम अरतेरा में युवक और युवती के शव एक ही फंदे पर लटके मिले। घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान मुकेश यादव (21 वर्ष) और मुनिता (18 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों अरतेरा गांव के ही रहने वाले थे और एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे। दोनों के शव एक ही पेड़ पर एक ही फंदे से लटके मिलने के बाद घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
एक ही गांव में पले-बढ़े थे दोनों
पुलिस के अनुसार, मुकेश और मुनिता दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। वे गांव में ही पले-बढ़े थे। दोनों के बीच संबंधों को लेकर पुलिस अब परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी जुटा रही है।
प्रेम संबंध से जुड़ा होने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला प्रेम संबंध से जुड़ा होने की आशंका है। आशंका जताई जा रही है कि प्रेम संबंध में किसी तरह की परेशानी या असफलता के चलते दोनों ने यह कदम उठाया होगा। हालांकि, पुलिस ने अभी इस संबंध में किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है। पुलिस घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।
पंचनामा के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
घटना की सूचना मिलते ही लेमरू थाना प्रभारी लोकनाथ यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पंचनामा कार्रवाई की और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी लोकनाथ यादव के मुताबिक, मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही दोनों की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस खंगाल रही घटना से जुड़े सभी पहलू
फिलहाल पुलिस मृतकों के परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। दोनों के बीच संबंध, घटना से पहले की परिस्थितियां और मौत के पीछे की वजह समेत तमाम बिंदुओं को जांच के दायरे में रखा गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले की तस्वीर पूरी तरह साफ हो पाएगी।
वाराणसी में ATS का बड़ा एनकाउंटर: 30 लाख का इनामी नक्सली बृजेश गंजू ढेर, जवान पर भी चली गोली
मयंक द्विवेदी ने थामा सपा का दामन, बुंदेलखंड की राजनीति में बढ़ी हलचल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft