लखनऊ। गोरखपुर के खोराबार के रायगंज में सोमवार की देर रात पति-पत्नी व बेटी की सरेराह गला रेत कर हत्या कर दी गई है। तीनों रात में पैदल ही मटकोड़वा के कार्यक्रम में जा रहे थे। बताया जा रहा है कि एक तरफा प्यार में सनकी प्रेमी ने हत्या को अंजाम दिया है। गोरखपुर पुलिस ने आलोक नामक एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या के बाद लोगों में काफी आक्रोश है। जिसके बाद गांव में भारी पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।
वारदात की कहानी
जानकारी के मुताबिक, खोराबार के रायगंज निवासी 45 वर्षीय गामा निषाद विदेश में रहते थे। दो महीने पहले घर आए और गांव से एक किलोमीटर दूर बंगला चौराहे पर अपना मकान बनवा लिया। जहां पत्नी व बच्चों के साथ रहते थे। गामा के छोटे भाई रामा की बेटी की शादी तय है। सोमवार की रात में मटकोड़वा का कार्यक्रम था। गामा अपने नए मकान से पत्नी संजू देवी (38), और 20 वर्षीय बेटी प्रीति के साथ पैदल जा रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे आलोक ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया है जिससे मौके पर ही तीनों लहूलुहान होकर गिर गए।
घटनास्थल पर ही तीनों की मौत
बताया जा रहा है कि आरोपी ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर तीनों की मौके पर ही हत्या कर दी। रास्ते से गुजर रहे गांव के लोगों ने शव देखकर शोर मचाया, जिसके बाद परिजनों को जानकारी हुई। गामा निषाद तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। दूसरे नम्बर के भाई रामा हैं तो सबसे छोटे सरविंद। अन्य दोनों भाई अपने पुश्तैनी मकान में ही रहते हैं। गामा के तीन बच्चे थे सबसे बड़ा सुग्रीव है जो बाहर रहता है। दूसरे नंबर पर बेटी प्रीति थी।
आरोपी करता था एकतरफा प्रेम
एसएसपी डॉ. विपिन टाडा ने बताया कि घटना का पर्दाफाश करने के लिए चार टीम गठित कर दी गई है। लेकिन थोड़ी ही देर में आरोपी आलोक हथियार के साथ पकड़ा गया है। खलीलाबाद कोतवाली के रैनागांव निवासी आलोक पासवान की रायगंज में ननिहाल है। उसने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि प्रीति से एकतरफा प्यार करता था। प्रीति उसकी उपेक्षा करती थी। जिसकी वजह से गुस्से में आकर पूरे परिवार की हत्या कर दी है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
चैतन्य बघेल को सुप्रीम कोर्ट से राहत, शराब घोटाला मामले में जमानत बरकरार
BASLP Admission 2026: रायपुर के JNM मेडिकल कॉलेज में आवेदन शुरू, 10 अगस्त तक करें अप्लाई
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft