गोंडा/लखनऊ। गोंडा में बर्तन कारोबारी और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के करीबी माने जाने वाले विनोद कुमार साहनी (45) की मौत के बाद मामला गरमा गया है। बुधवार रात दुकान बंद कर घर लौट रहे विनोद साहनी पर हुए जानलेवा हमले के बाद गुरुवार को लखनऊ के KGMU में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने पुलिस-प्रशासन को सख्त अल्टीमेटम दिया है।
डॉ. संजय निषाद ने मांग की है कि, रात तक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने परसपुर थाना अध्यक्ष, शाहपुर चौकी प्रभारी समेत संबंधित स्टाफ को बर्खास्त करने की मांग भी की है।
कार्रवाई नहीं हुई तो SP कार्यालय और आवास का घेराव
मंत्री डॉ. संजय निषाद ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि, यदि तय समय में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वह स्वयं गोंडा जाएंगे और एसपी कार्यालय एवं आवास का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि विनोद निषाद की हत्या की घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे विनोद
जानकारी के मुताबिक, गोंडा में बुधवार रात करीब 8 बजे बर्तन कारोबारी विनोद कुमार साहनी पर हमला किया गया। बताया जा रहा है कि वह अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन पर जानलेवा हमला हुआ। हमले में गंभीर रूप से घायल विनोद को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ स्थित केजीएमयू ले जाया गया, जहां गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
KGMU पहुंचे मंत्री, परिजनों से की मुलाकात
घटना की जानकारी मिलते ही कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद KGMU पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद मंत्री पोस्टमार्टम हाउस भी पहुंचे और करीब एक घंटे तक वहां मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने मामले को लेकर पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई।
पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
विनोद साहनी की मौत के बाद परिजनों और समर्थकों में आक्रोश है। वहीं, मंत्री की ओर से थाना अध्यक्ष, चौकी प्रभारी समेत संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग किए जाने से मामले में पुलिस प्रशासन की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है।
UP चुनाव से पहले सपा का बड़ा ऐलान: आउटसोर्स व्यवस्था खत्म कर पक्की नौकरी देने का वादा
एकलव्य विद्यालय में 10वीं के छात्र की मौत, कमरे में फंदे पर मिला शव; जांच में जुटी पुलिस
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft