Tuesday ,August 11, 2026
होमजुर्मकोरबा में नकली पुलिस बनकर बुजुर्ग से ठगी, सोने की चेन और अंगूठी लेकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश...

कोरबा में नकली पुलिस बनकर बुजुर्ग से ठगी, सोने की चेन और अंगूठी लेकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश

 Newsbaji  |  Aug 11, 2026 08:27 AM  | 
Last Updated : Aug 11, 2026 08:27 AM
नकली पुलिस बनकर बुजुर्ग से सोने की चेन और अंगूठी की ठगी
नकली पुलिस बनकर बुजुर्ग से सोने की चेन और अंगूठी की ठगी

कोरबा। जिले में दिनदहाड़े नकली पुलिस बनकर ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहारिका इलाके में बाइक सवार 2 युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक बुजुर्ग को डराया-धमकाया और उनके पास मौजूद सोने की चेन व अंगूठी उतरवा ली। इसके बाद शातिर तरीके से असली गहनों की जगह नकली गहने थमाकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की पहचान खरमोरा निवासी समीर चट्टोपाध्याय, रिटायर्ड BALCO कर्मी के रूप में हुई है। पीड़ित के मुताबिक, वह बाइक से निहारिका इलाके में नारियल पानी पीने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और उन्हें रोक लिया।

आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि वे काफी देर से उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और इलाके में पुलिस की रेड चल रही है। इसके बाद आरोपियों ने बुजुर्ग को डराते हुए कहा कि उनके पास गांजा होने की सूचना मिली है। अचानक पुलिस कार्रवाई की बात सुनकर पीड़ित घबरा गए।

कागज पर कराया हस्ताक्षर, फिर उतरवाए गहने
बदमाशों ने कथित तौर पर पीड़ित से एक कागज पर हस्ताक्षर भी करवाए। इसी दौरान सुरक्षा जांच के नाम पर उनके गले में पहनी सोने की चेन और हाथ की अंगूठी उतरवा ली गई। आरोपियों ने गहनों को एक पन्नी में रखने का दिखावा किया और वह पन्नी बुजुर्ग को सौंप दी। लेकिन इसी दौरान शातिर तरीके से पन्नी बदल दी गई। पीड़ित के हाथ में नकली चेन और अंगूठी वाली पन्नी थमा दी गई, जबकि असली सोने के गहने लेकर दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।

घर पहुंचने के बाद हुआ ठगी का एहसास
घटना के बाद जब पीड़ित ने पन्नी खोलकर गहनों की जांच की तो उन्हें ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने तत्काल सिविल लाइन थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

कोरबा CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के निहारिका इलाके में हुई है। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाने में अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। निहारिका और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस बाइक सवार दोनों आरोपियों के हुलिए, बाइक और उनके आने-जाने के रास्ते की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले इलाके में रेकी की होगी और बुजुर्ग को सुनियोजित तरीके से अपना निशाना बनाया। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft