दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में लूट का विरोध करना ग्राम तुमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप को भारी पड़ गया। रविवार देर रात जेवरा-सिरसा थाना क्षेत्र में करगीडीह और चिखली चौक के बीच अज्ञात बदमाशों ने चाकू से गोदकर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
अज्ञात बदमाशों ने की वारदात
पुलिस के अनुसार, प्रकाश सिंह कश्यप अपने एक साथी के साथ भिलाई से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार 4 अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पहले मोबाइल फोन और नकदी लूटने का प्रयास किया। जब प्रकाश सिंह कश्यप ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मोबाइल व नगदी लेकर फरार
वारदात के दौरान उनके साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकला और पुलिस को घटना की सूचना दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और करीब 4000 रुपए नकद लूटकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही जेवरा-सिरसा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
CSP सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
ग्रामीणों में आक्रोश
प्रकाश सिंह कश्यप धमधा ब्लॉक के ग्राम तुमाकला के उपसरपंच थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। उपसरपंच की हत्या की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft