Thursday ,August 27, 2026
होमजुर्मउड़ीसा से रायपुर ला रहे थे गांजा, नागालैंड पासिंग ट्रक में छिपाकर रखी 250 बोरी बरामद; चालक गिरफ्तार...

उड़ीसा से रायपुर ला रहे थे गांजा, नागालैंड पासिंग ट्रक में छिपाकर रखी 250 बोरी बरामद; चालक गिरफ्तार

 Newsbaji  |  Aug 26, 2026 05:26 PM  | 
Last Updated : Aug 26, 2026 05:26 PM
रायपुर में DRI की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से गांजे की बड़ी खेप बरामद
रायपुर में DRI की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से गांजे की बड़ी खेप बरामद

रायपुर। गांजा तस्करी के खिलाफ राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांजा उड़ीसा से रायपुर लाया जा रहा था।

जानकारी के मुताबिक, तस्करी के लिए नागालैंड पासिंग ट्रक का इस्तेमाल किया गया था। ट्रक में ऊपर से प्लास्टिक के पाइप लोड किए गए थे, जबकि गांजे की बोरियों को बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखा गया था। जांच के दौरान DRI की टीम ने ट्रक से करीब 250 बोरी गांजा बरामद किया।

प्रारंभिक तौर पर बरामद गांजे की मात्रा करीब 250 क्विंटल बताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक वजन और बरामद मादक पदार्थ की आधिकारिक मात्रा की पुष्टि विस्तृत जांच और तौल की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। बरामद गांजे की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

उड़ीसा से रायपुर तक फैला तस्करी नेटवर्क?
DRI की कार्रवाई के बाद अब जांच का दायरा और बढ़ गया है। गिरफ्तार ट्रक चालक से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा उड़ीसा में कहां से लोड किया गया था और रायपुर में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। जांच एजेंसी तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।

डिलीवरी लेने वाले तक पहुंचने की कोशिश
पूछताछ में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर DRI संभावित रिसीवर और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। एजेंसी यह भी जांच कर रही है कि इससे पहले इस ट्रक या संबंधित नेटवर्क के जरिए कितनी बार मादक पदार्थों की तस्करी की गई।

DRI की कार्रवाई से गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है। मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल DRI की ओर से बरामद गांजे की अंतिम मात्रा, कीमत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft