Sunday ,August 09, 2026
होमजुर्महाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर श्मशान में तंत्र साधना! बिलासपुर में हड़कंप, एक युवक पकड़ा गया, 3 फरार...

हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर श्मशान में तंत्र साधना! बिलासपुर में हड़कंप, एक युवक पकड़ा गया, 3 फरार

 Newsbaji  |  Aug 09, 2026 09:33 AM  | 
Last Updated : Aug 09, 2026 09:33 AM
देवरी मुक्तिधाम में चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर कथित तंत्र साधना, 1 युवक हिरासत में, 3 फरार
देवरी मुक्तिधाम में चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर कथित तंत्र साधना, 1 युवक हिरासत में, 3 फरार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में श्मशान घाट में कथित तंत्र-मंत्र और तांत्रिक क्रिया का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सीपत थाना क्षेत्र के देवरी गांव स्थित मुक्तिधाम में शुक्रवार देर रात 4 युवक कथित तौर पर तंत्र साधना करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि युवकों ने वहां छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा समेत 3 लोगों की तस्वीरें रखी थीं।

श्मशान घाट में देर रात युवकों की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जब ग्रामीणों को हुई तो वे मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देखकर 3 युवक वहां से फरार हो गए, जबकि एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया। बाद में ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू कर दी।

श्मशान में मिली तंत्र साधना की सामग्री
पुलिस के पहुंचने पर श्मशान घाट से कथित तांत्रिक क्रिया में इस्तेमाल की जा रही कई सामग्री बरामद होने की बात सामने आई है। इनमें मरी हुई मछली, नींबू, सिंदूर, नारियल और पूजा-पाठ की अन्य सामग्री शामिल है। सबसे ज्यादा चर्चा हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर मिलने को लेकर है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तस्वीर वहां क्यों रखी गई थी और इसके पीछे युवकों की वास्तविक मंशा क्या थी।

रिश्तेदार की जमानत के लिए कराई गई पूजा?
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पकड़े गए युवक ने कथित तौर पर बताया कि उसका एक रिश्तेदार जेल में बंद है। उसकी जमानत के लिए यह तांत्रिक क्रिया कराई जा रही थी। बताया जा रहा है कि जेल में बंद रिश्तेदार के खिलाफ चाकूबाजी का मामला दर्ज है और उसकी जमानत याचिका हाईकोर्ट में लगी हुई है। इसी बीच युवक के परिजन कथित तौर पर सोशल मीडिया के जरिए एक तांत्रिक के संपर्क में आए।

कथित तांत्रिक ने दावा किया कि श्मशान घाट में विशेष तांत्रिक क्रिया करने से जेल में बंद व्यक्ति को जमानत मिलने में मदद मिलेगी। इसके बाद चार युवक देवरी के मुक्तिधाम पहुंचे और कथित तौर पर तंत्र साधना शुरू कर दी।

‘मैं इन चीजों पर विश्वास नहीं करता’, पूछताछ में युवक का दावा
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवक ने कथित तौर पर यह भी कहा कि वह इन तंत्र-मंत्र जैसी बातों में विश्वास नहीं करता और वह पढ़ा-लिखा है। उसका कहना है कि रिश्तेदार की जमानत के लिए कथित तांत्रिक के कहने पर वह वहां पहुंचा था। हालांकि, पुलिस इस बयान की भी जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवक और उसके साथियों का कथित तांत्रिक से किस तरह संपर्क हुआ और उन्हें श्मशान घाट में कौन-कौन सी गतिविधियां करने के निर्देश दिए गए थे।

3 फरार युवकों की तलाश में पुलिस
घटना के बाद मौके से फरार हुए तीन युवकों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस उनकी पहचान और भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही कथित तांत्रिक की भी तलाश और उसकी भूमिका की जांच किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या यह केवल जमानत के नाम पर की गई कथित तांत्रिक गतिविधि थी या इसके पीछे कोई अन्य उद्देश्य भी था।

न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का दावा कितना सच?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर कथित तंत्र साधना में क्यों इस्तेमाल की गई? क्या युवकों को वास्तव में यह विश्वास दिलाया गया था कि इस तरह की पूजा से न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है, या तस्वीर के इस्तेमाल के पीछे कोई दूसरी वजह थी?

फिलहाल इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे। मामले में बरामद सामग्री, तस्वीरों, आरोपियों के बयान और फरार युवकों से पूछताछ के बाद तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft