रायपुर। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने छत्तीसगढ़ पहुंचते ही प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की सरकार को ‘हाइजैक’ कर लिया गया है और सरकार मोदी जी चला रहे हैं। उन्होंने आदिवासी समाज के अधिकार, पेसा कानून, पेपर लीक, महिला आरक्षण और UCC समेत कई मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा।
‘आदिवासी समाज का हक मारा जा रहा’
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज के अधिकारों का हनन किया जा रहा है। उन्होंने पेसा कानून को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेसा कानून का पालन नहीं हो रहा है। AAP सांसद ने विधायक निवास बनाए जाने के लिए जमीन पर कथित कब्जे का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में पेसा कानून की बात की जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसकी स्थिति अलग है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पर निशाना साधते हुए कहा कि, मुख्यमंत्री आदिवासी समाज से आते हैं, लेकिन उन पर राजनीतिक दबाव है। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि अडानी और मोदी की ओर से मुख्यमंत्री को संदेश आते हैं और उसी के अनुसार सरकार चल रही है।
पेपर लीक के मुद्दे पर केंद्र और भाजपा शासित राज्यों को घेरा
पेपर लीक के मुद्दे पर संजय सिंह ने कहा कि देश में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2015 से अब तक देश में बड़ी संख्या में पेपर लीक के मामले सामने आए हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती परीक्षा से जुड़े कथित पेपर लीक का भी जिक्र किया। संजय सिंह ने सवाल उठाया कि यदि पेपर लीक को लेकर विपक्षी दलों को आंदोलन करना चाहिए तो भाजपा शासित राज्यों में भी ऐसे मामलों पर प्रदर्शन क्यों नहीं किए जा रहे हैं।
उन्होंने गुजरात समेत भाजपा शासित राज्यों में पेपर लीक के मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए।
UCC को लेकर भी भाजपा पर निशाना
समान नागरिक संहिता यानी UCC को लेकर संजय सिंह ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों के साथ होने वाले भेदभाव को खत्म करने के लिए प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और OBC के साथ होने वाले भेदभाव की निगरानी के लिए एक कमेटी बनाई जाए। इसके अलावा समाज के अन्य वर्गों के साथ होने वाले भेदभाव की निगरानी के लिए भी अलग कमेटी गठित की जानी चाहिए।
संजय सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि, भारतीय जनता पार्टी समाज में विवाद और टकराव की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि देश में सभी वर्गों के अधिकारों और समानता को लेकर सरकार को जवाबदेह होना चाहिए।
राजनांदगांव में गूंजा आदिवासी अस्मिता और संस्कृति का स्वर, कंगला मांझी संगठन का विराट सम्मेलन
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft