कवर्धा। जिले के बोड़ला स्थित टोल प्लाजा में टोल कर्मचारियों की गुंडागर्दी सामने आई है। यहां उन्होंने बाइक पार कराने के भी पैसे मांगे। मना करने पर मुड़ियापार सरपंच समेत तीन लोगों पर रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। इससे सरपंच का सिर फट गया। अन्य को भी चोटें आई हैं। पुलिस पांच कर्मचारियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज किया गया है।
आपको बता दें कि बोड़ला टोल प्लाजा कवर्धा—जबलपुर नेशनल हाईवे पर स्थित है। पहले भी यहां के टोल कर्मचारियों द्वारा गुंडागर्दी का मामला सामने आता रहा है। इस बार तो उन्होंने सारी हदें पार कर दी। दरअसल, दोपहिया वाहनों के लिए टोल पर फ्री पासिंग होती है। इसके बाद भी वे सोमवार की रात बाइक वालों से भी वसूली कर रहे थे। रात करीब आठ बजे बोड़ला से अपने गांव लौट रहे मुड़ियापार सरपंच भुनेश्वर भास्कर व उनके दो साथियों से भी उन्होंने पैसे मांगे। इस पर सरपंच ने मना किया और इसे नियमों के विरुद्ध बताया।
इसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। इस पर कर्मचारी भी गुंडागर्दी पर उतर आए और लोहे का पाइप और रॉड लेकर सरपंच व उनके साथियों की पिटाई शुरू कर दी। तभी सरपंच के सिर पर रॉड का हमला हुआ और वे खून से लथपथ हो गए। दो अन्य को भी गंभीर चोटें आईं। बाद में उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पांच टोल कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। फिर उन्हें थाने लाया गया। पकड़े गए आरोपियों में बंदेश चंद्रवंशी, सतीष दहिया, आकाश, आनंद व शिव प्रकाश शामिल हैं। सभी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft