बिलासपुर. फोरेंसिक एक्सपर्ट कहते हैं कि अपराधी मौका ए वारदात पर जाने-अनजाने कुछ न कुछ ऐसा जरूर छोड़ता है जिसके आधार पर वह पकड़ा जाता है. बिलासपुर में हत्या के एक मामले में ऐसा ही हुआ है. पुलिस ने महज एक बीयर बोतल के ढक्कन में लगे होलोग्राम की मदद से आरोपी को पकड़ लिया है. वहीं आरोपी ने अपना अपराध भी कबूल कर लिया.
बता दें कि बिलासपुर जिले के चकरभाठा क्षेत्र में सेंट्रल पाइंट होटल के पीछे खेत में एक लाश शुक्रवार की सुबह मिली थी. मृतक के शरीर पर चोट के निशान थे और पास में बीयर की एक बोतल टूटी हुई पड़ी थी. पुलिस ने उसकी पहचान सोशल मीडिया में फोटो वायरल कर की. इसमें पता चला कि मृतक दीपक यादव सरकंडा क्षेत्र का रहने वाला था और एक स्कूल में गाड़ी चलाता था. किसी के साथ दुश्मनी की भी जानकारी नहीं मिली. न ही पीएम रिपोर्ट के जरिए ही कोई अहम सुराग मिला. पुलिस की चिंता बढ़ गई कि आखिर हत्यारे तक कैसे पहुंचा जाए.
बीयर बोतल के ढक्कन से शुरू हुई पतासाजी
इसी दौरान पुलिस अफसरों ने तय किया कि बीयर बोतल के ढक्कन में लगे होलोग्राम से कुछ जानकारी मिल सकती है. आबकारी विभाग से संपर्क करने पर पता चला कि इस ब्रांड की बीयर व्यापार विहार शराब दुकान में ही मिलती है. फिर क्या था, वहां से सीसीटीवी फुटेज निकलवाया गया. फिर उसकी जांच में एक संदेही नजर आया जिन्हें दीपक के परिजन भी पहचानते थे. आखिरकार उसे पकड़ लिया गया और सख्ती से पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया.
रिश्तेदार ने इसलिए की हत्या
पुलिस की पूछताछ में आरोपी दुर्गेश यादव ने बताया कि वह और मृतक दीपक दोनों का एक ही महिला के साथ अवैध संबंध था. बाद में महिला ने दुर्गेश से दीपक की शिकायत की. दोनों ही दीपक को रास्ते से हटाना चाहते थे. ऐसे में इन दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई. फिर दुर्गेश ने अपने एक साथी मनोज को शामिल किया. इन दोनों ने गुरुवार की रात दीपक से भेंट कर शराब पीने का ऑफर दिया. फिर व्यापार विहार शराब दुकान से बीयर खरीदी और चकरभाठा क्षेत्र में उसी खेत के पास लेकर गए जहां दीपक की लाश मिली थी. शराब पीने के बाद पेचकस, बीयर बोतल व अन्य हथियारों से दीपक की हत्या कर दी और लाश को छोड़कर घर आ गए. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
भारत की कृषि गाथा का नया रूप: परिवर्तन का एक दशक
सड़क पर बर्थडे पार्टी, बोनट पर केक और आतिशबाजी! अभनपुर के नायब तहसीलदार की वायरल रील से मचा बवाल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft