बालोद. Balod Crime News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले की पुलिस ने ऐसे चोरों को पकड़ा है जो कंबल बेचने के बहाने से रेकी करते थे. साधारण वेशभूषा में रहते थे. वहीं चोरी करने के बाद तवेरा जैसी महंगी गाड़ी से भाग निकले थे. तीन राज्यों के हजारों सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद उन्हें कामयाबी मिली और मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ के रहने वाले कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
बता दें कि बालोद जिले के अर्जुंदा स्थित बाफना ज्वेलर्स में 24 जून की रात शटर का ताला तोड़ अज्ञात चोरों ने दुकान में धावा बोला था. इस दौरान करीब 95 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर व नगदी पार कर दिए थे. चोरों ने सुराग मिटाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की डिवीआर की चोरी कर फरार हो गए थे. सुबह दुकान मालिक को इस बात की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. इसके साथ ही पुलिस सक्रिय हो गई थी.
3 जिलों की टीमें जुटीं, खंगाले फुटेज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अफसरों ने बालोद के साथ ही दुर्ग व राजनांदगांव जिले की पुलिस की भी मदद ली. बालोद से लेकर राजनांदगांव, गोंदिया, नागपुर, सावनेर, महाराष्ट्र समेत कई शहरों के हजारों सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. तब जाकर पुलिस आरोपियों तक पहुंच पाई. वे सभी मध्यप्रदेश में मिले.
2 सरगना की कई राज्यों में थी तलाश
इस मामले में 6 दिनों बाद सफलता मिली और 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. उनमें से 7 मध्यप्रदेश तो 5 छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं. उनका सरगना सरगना चरण सिंह और संगम सिंह पर कई राज्यों में अपराधिक प्रकरण दर्ज हैं. वहां की पुलिस सरगर्मी से दोनों की तलाश में थीं.
ऐसे दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी के लिए मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया था और फिर वारदात के बाद चोरी की तवेरा कार से फरार हुए थे. चोरी के माल को सबने एक बराबर हिस्से में बांट लिया था. जबकि कई सामान को गड्ढा खोदकर उसमें छिपा दिया था. उनकी तलाशी मेटल डिटेक्टर के जरिए की गई.
ये सामान किए थे पार
बता दें कि आरोपी कंबल बेचने के बहाने रेकी करते थे और फिर रात में वारदात को अंजाम देते थे. चोरों के पास से करीब 1 किलो 300 ग्राम सोने व 31 किलो चांदी के जेवर यानी करीब 85 लाख का सामान बरामद किया गया है. इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल ,चोरी की तवेरा कार, लोहे के राॅड भी बरामद कर लिए गए हैं.
भारत की कृषि गाथा का नया रूप: परिवर्तन का एक दशक
सड़क पर बर्थडे पार्टी, बोनट पर केक और आतिशबाजी! अभनपुर के नायब तहसीलदार की वायरल रील से मचा बवाल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft