धमतरी. धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र स्थित प्राथमिक शाला छुरियारा पारा क्रमांक 19 में एक दुखद घटना घटी, जिसमें बाउंड्रीवाल सहित गेट गिरने से वहां खेल रही एक पहली कक्षा की छात्रा दुर्गा कमार की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना ने स्कूल और स्थानीय समुदाय में शोक की लहर पैदा कर दी है. मृतका के परिजन इस घटना से बेहद दुखी हैं और रो-रो कर उनका बुरा हाल है.
घटना शुक्रवार दोपहर 1.30 बजे की है जब दुर्गा, पिता बिसाहू कमार, जो वार्ड नंबर 2 की निवासी थी, स्कूल गेट के पास खेल रही थी. तभी अचानक बाउंड्रीवाल की दीवार गिर गई और बच्ची उसकी चपेट में आ गई. दीवार गिरने के बाद तुरंत ही घायल बच्ची को बाइक पर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृत छात्रा ने एक महीने पहले ही इस स्कूल में दाखिला लिया था. स्कूल की बाउंड्रीवाल काफी जर्जर स्थिति में थी और शिक्षा विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया था. यह घटना राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले कमार जनजाति के परिवार की बच्ची को अपनी जान देकर इसकी कीमत चुकानी पड़ी.
घटना की जानकारी मिलते ही नगरी के तहसीलदार केतन भोयर, शिक्षा विभाग के ब्लाक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कलीराम साहू और वार्ड पार्षद टिकेश्वर ध्रुव मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. तहसीलदार केतन भोयर ने बताया कि बच्ची मध्यान्ह भोजन के बाद गेट के पास खेल रही थी, तभी गेट उसके ऊपर गिर गया और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. मुआवजे का प्रावधान है और मामले की जांच जारी है.
बीईओ कलीराम साहू ने कहा कि बच्ची गेट में झूल रही थी, तभी जर्जर दीवार सहित गेट उसके ऊपर गिर गया. इस जर्जर बाउंड्रीवाल को डिस्मेंटल करने के लिए संबंधित विभाग को पहले ही पत्र लिखा जा चुका था, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई.
इस हादसे ने शिक्षा विभाग की लापरवाही और जर्जर निर्माण कार्यों की मरम्मत की जरूरत को स्पष्ट किया है. परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही है.
भारत की कृषि गाथा का नया रूप: परिवर्तन का एक दशक
सड़क पर बर्थडे पार्टी, बोनट पर केक और आतिशबाजी! अभनपुर के नायब तहसीलदार की वायरल रील से मचा बवाल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft