Thursday ,October 15, 2026
होमछत्तीसगढ़बलौदाबाजार में दर्दनाक सड़क हादसा, खड़े ट्रक में घुसी बाइक, तीन मौसेरे भाइयों की मौत...

बलौदाबाजार में दर्दनाक सड़क हादसा, खड़े ट्रक में घुसी बाइक, तीन मौसेरे भाइयों की मौत

 Newsbaji  |  Oct 15, 2026 11:13 AM  | 
Last Updated : Oct 15, 2026 11:13 AM
खड़े ट्रक से टकराई बाइक, तीन मौसेरे भाइयों की मौत
खड़े ट्रक से टकराई बाइक, तीन मौसेरे भाइयों की मौत

बलौदाबाजार। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। रायपुर-पलारी मार्ग पर घोंटिया मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। तीन मौसेरे भाइयों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

घोंटिया मोड़ पर हुआ भीषण हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, कोरासी गांव निवासी 18 वर्षीय प्रेम धीवर अपने मौसेरे भाइयों राज धीवर और खिलेश्वर धीवर के साथ पलारी जाने के लिए निकला था। तीनों सोमवार रात दौदे से पलारी लौट रहे थे। इसी दौरान रायपुर-पलारी मार्ग पर घोंटिया मोड़ के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।

पहले प्रेम ने तोड़ा दम, फिर दोनों भाइयों की भी मौत
हादसे में गंभीर रूप से घायल प्रेम धीवर को बलौदाबाजार अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत हो गई। वहीं, राज धीवर और खिलेश्वर धीवर की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया। दोनों का रायपुर के DKS अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए हादसे के तीसरे दिन बुधवार को दोनों ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह एक ही हादसे में तीनों मौसेरे भाइयों की मौत हो गई।

किसी का बेटा, किसी का भाई...तीन घरों में पसरा मातम
इस हादसे ने तीन परिवारों को कभी न भूलने वाला दर्द दे दिया है। प्रेम धीवर और खिलेश्वर धीवर कोरासी गांव के निवासी थे, जबकि राज धीवर पलारी में रहता था। प्रेम के पिता दौदे में होटल चलाते हैं और प्रेम भी पिता के साथ होटल के काम में हाथ बंटाता था।

नवरात्रि के मौके पर पलारी आने के दौरान हुए इस हादसे ने परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। तीनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। राज धीवर और खिलेश्वर धीवर के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। बुधवार को दोनों युवकों के अंतिम संस्कार की तैयारी की गई।
 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft