Thursday ,October 15, 2026
होमजुर्मसमाज में दोबारा शामिल करने के नाम पर 2 लाख रुपए मांगने का आरोप, पूर्व अध्यक्ष शेखर बंजारा गिरफ्तार...

समाज में दोबारा शामिल करने के नाम पर 2 लाख रुपए मांगने का आरोप, पूर्व अध्यक्ष शेखर बंजारा गिरफ्तार

 Newsbaji  |  Oct 15, 2026 09:05 AM  | 
Last Updated : Oct 15, 2026 09:05 AM
समाज में वापसी के नाम पर 2 लाख मांगने का आरोप, पूर्व अध्यक्ष शेखर बंजारा गिरफ्तार
समाज में वापसी के नाम पर 2 लाख मांगने का आरोप, पूर्व अध्यक्ष शेखर बंजारा गिरफ्तार

जशपुर। समाज से बहिष्कृत व्यक्ति को दोबारा समाज में शामिल करने के एवज में कथित रूप से रुपए मांगने के मामले में पत्थलगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में नामजद तत्कालीन समाज अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। प्रकरण में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

समाज में वापसी के लिए मांगे गए 2 लाख रुपए, परिवाद में आरोप
मामला ग्राम बटुराबहार, निवासी गोपाल बंजारा (31 वर्ष) से संबंधित है। प्रार्थी ने न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोरबा के न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत कर आरोप लगाया कि उन्हें समाज से बहिष्कृत कर दिया गया था। समाज में दोबारा शामिल होने के लिए आवेदन करने पर समाज के तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा, सचिव महेंद्र बंजारा तथा वर्तमान अध्यक्ष नंदकिशोर बंजारा और सचिव श्यामलाल बंजारा द्वारा उनसे रुपए की मांग की गई।

जानकारी के मुताबिक, समाज में पुनः शामिल करने के एवज में तत्कालीन अध्यक्ष शेखर बंजारा को 2 लाख रुपए देने की बात कही गई थी। प्रार्थी ने आरोप लगाया कि 23 सितंबर 2022 को इस रकम में से 1 लाख रुपए अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से ट्रांसफर किए गए। इनमें प्रार्थी के भारतीय स्टेट बैंक खाते से फोन-पे के जरिए 60 हजार रुपए शेखर बंजारा के खाते में तथा उनके मित्र के इंडसइंड बैंक खाते से 40 हजार रुपए ट्रांसफर किए है। आरोप है कि इसके बाद भी उनसे दोबारा रकम मांगी गई, जिसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली।

न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ अपराध
परिवाद पर विचार करने के बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोरबा ने थाना सिविल लाइन रामपुर, कोरबा को अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। घटनास्थल थाना पत्थलगांव क्षेत्र के अंतर्गत आने के कारण थाना सिविल लाइन रामपुर में निभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर प्रकरण पत्थलगांव पुलिस को भेजा गया। इसके बाद थाना पत्थलगांव में अपराध कायम कर विवेचना शुरू की गई।

पूछताछ के बाद गिरफ्तारी, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
पुलिस ने विवेचना के दौरान प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा संबंधित बैंक खातों से आवश्यक जानकारी एकत्र की। इसके बाद नामजद आरोपी शेखर प्रसाद बंजारा, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम बटुराबहार (गौटियापारा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, विवेचना में प्रथम दृष्टया अपराध घटित होना पाए जाने पर आरोपी को 13 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
इस प्रकरण में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उनकी पतासाजी कर रही है। मामले में आगे की विवेचना और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

SSP के सख्त निर्देश 
पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि, थाना पत्थलगांव क्षेत्र में समाज से बहिष्कृत व्यक्ति को दोबारा समाज में शामिल करने के नाम पर रुपए मांगने के मामले में तत्कालीन समाज अध्यक्ष शेखर बंजारा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

उन्होंने कहा कि, किसी व्यक्ति को समाज से बहिष्कृत करने और फिर समाज में दोबारा शामिल करने के नाम पर अवैध रूप से धन की मांग किए जाने जैसे मामलों की कानून के अनुसार जांच की जाएगी। 

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft