Sunday ,March 08, 2026
होमछत्तीसगढ़सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक कदम, छग सोसायटी फॉर इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी की शुरुआत...

सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एक कदम, छग सोसायटी फॉर इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी की शुरुआत

 Newsbaji  |  Sep 10, 2025 08:05 PM  | 
Last Updated : Sep 10, 2025 08:05 PM
छत्तीसगढ़ सोसायटी फॉर इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी (पंजीकृत) का औपचारिक शुभारंभ
छत्तीसगढ़ सोसायटी फॉर इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी (पंजीकृत) का औपचारिक शुभारंभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में छत्तीसगढ़ सोसायटी फॉर इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी (पंजीकृत) का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इसे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के द्वारा विधिवत सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति में शुरु किया गया है। इस मौके पर प्रदेशभर से कंप्यूटर साइंस एवं सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े शिक्षाविद्, शोधकर्ता, विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के प्राध्यापक और आईटी प्रोफेशनल बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में IIIT रायपुर के निदेशक प्रोफेसर ओ.पी. व्यास, समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष प्रो. एच.एस. होता (अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय, बिलासपुर), सहसचिव डॉ. स्वाति जैन (सहायक प्राध्यापक, छत्तीसगढ़ महाविद्यालय रायपुर) और कोषाध्यक्ष लीलाधर गवेल (सहायक प्राध्यापक, आत्मानंद महाविद्यालय बिलासपुर) भी शामिल हुए। उपमुख्यमंत्री ने इस मौके पर समिति की आधिकारिक वेबसाइट का भी लोकार्पण किया। 

समिति अध्यक्ष ने बताया कि, छत्तीसगढ़ सोसायटी फॉर इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी (CGSIT) का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में सूचना प्रौद्योगिकी को  अध्ययन, अध्यापन, शोध एवं नवाचार में उपयोगिता को प्रोत्साहित करना है। यह सोसायटी राज्य के स्कूलों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के छात्रों व शिक्षकों को आईटी के प्रयोग एवं उसकी संभावनाओं के प्रति जागरूक और सशक्त बनाएगी। 

सोसायटी का संकल्प है कि, वह पूरे राज्य में सूचना प्रौद्योगिकी का एक सुदृढ़ पारिस्थितिकी तंत्र (ecosystem) विकसित करेगी। इसके लिए समय-समय पर विभिन्न कार्यशालाएं, संवेदीकरण कार्यक्रम, कॉन्फ्रेंस, सेमिनार, हैकाथॉन और शोध आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही राज्य सरकार की आईटी नीति एवं कार्यक्रमों को सशक्त करने में भी यह सोसायटी सक्रिय भूमिका का निर्वहन करेगी।

सोसायटी का संरक्षक मंडल एवं पदाधिकारी
प्रदेश के प्रमुख शिक्षाविदों एवं आईटी विशेषज्ञों को इस सोसायटी के संरक्षक मंडल में शामिल किया गया है। सोसाइटी के अध्यक्ष प्रो. एच.एस. होता ने कहा कि, यह सोसायटी आने वाले समय में न केवल प्रदेश के आईटी शिक्षा और शोध को नई दिशा देगी, बल्कि राज्य के युवाओं को  नवाचार की नई संभावनाएं भी उपलब्ध कराने में सहयोग करेंगी।

TAGS
 
admin

Newsbaji

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft