Sunday ,March 08, 2026
होमछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजीपी विश्वरंजन का निधन, पटना के मेदांता अस्पताल में ली अंतिम सांस...

छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजीपी विश्वरंजन का निधन, पटना के मेदांता अस्पताल में ली अंतिम सांस

 Newsbaji  |  Mar 08, 2026 09:50 AM  | 
Last Updated : Mar 08, 2026 09:50 AM
छत्तीसगढ़ के पूर्व पुलिस महानिदेशक विश्वरंजन का निधन
छत्तीसगढ़ के पूर्व पुलिस महानिदेशक विश्वरंजन का निधन

रायपुर/पटना। छत्तीसगढ़ के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) विश्वरंजन का रविवार रात निधन हो गया। उन्होंने पटना के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि, वे पिछले कुछ समय से गंभीर कार्डियक समस्या से जूझ रहे थे और उनका इलाज मेदांता अस्पताल में चल रहा था। उनके निधन की खबर से पुलिस महकमे और प्रशासनिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, विश्वरंजन की तबीयत पिछले महीने अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी में इलाज कर रही थी। हालांकि उनकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी और आखिरकार बीती रात उन्होंने दम तोड़ दिया।

1973 बैच के IPS अधिकारी थे विश्वरंजन
विश्वरंजन 1973 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी थे। वे अपने लंबे और प्रभावशाली प्रशासनिक करियर के लिए जाने जाते थे। वर्ष 2007 में उन्हें छत्तीसगढ़ का छठवां पुलिस महानिदेशक (DGP) बनाया गया था। उन्होंने करीब 4 वर्षों तक इस पद की जिम्मेदारी संभाली और अपने कार्यकाल में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए।

नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा पर दिया विशेष जोर
अपने कार्यकाल के दौरान विश्वरंजन ने खास तौर पर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया। उनके नेतृत्व में पुलिस बल ने कई रणनीतिक बदलाव किए, जिससे राज्य में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिली।

इंटेलिजेंस ब्यूरो में भी निभाई अहम जिम्मेदारी
मध्य प्रदेश के विभाजन के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर मिला था। अपने करियर में वे लंबे समय तक इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में प्रतिनियुक्ति पर भी रहे। वहां उन्होंने एडिशनल डायरेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े कई अहम मामलों में योगदान दिया।

पूर्व डीजीपी विश्वरंजन के निधन पर कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और राजनीतिक हस्तियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्हें एक कुशल, अनुशासित और दूरदर्शी पुलिस अधिकारी के रूप में याद किया जा रहा है।

TAGS
 

Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft