सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र में बुधवार को प्रशासन और राजनीति आमने-सामने आ गए। राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक से कथित मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में सीतापुर बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो समेत करीब 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद इलाके में सियासी हलचल तेज हो गई है।
पुलिस ने बीजेपी विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता सहित अन्य लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। कोतवाली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है।
चौराहे पर बुलाकर मारपीट का आरोप
नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने शिकायत में आरोप लगाया है कि, उन्हें राजपुर चौराहा बुलाया गया, जहां विधायक और उनके समर्थक पहले से मौजूद थे। वहां उनके साथ सार्वजनिक रूप से धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। उन्होंने इस घटना को सरकारी काम में बाधा और प्रशासनिक अधिकारी पर हमला बताया है।
घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में नाराजगी देखने को मिल रही है। अधिकारियों का कहना है कि, यदि सरकारी कर्मचारियों के साथ खुलेआम इस तरह की घटनाएं होंगी तो प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा जाएगी।
विधायक की बहन और तहसीलदार के बीच शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, पूरे विवाद की शुरुआत विधायक की चचेरी बहन सीमा धनकी और नायब तहसीलदार के बीच हुई बहस से हुई। सीमा धनकी किसी शासकीय कार्य को लेकर उप तहसील कार्यालय पहुंची थीं। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में विवाद में बदल गई।
वहीं विधायक समर्थकों का दावा है कि, पहले नायब तहसीलदार द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया था। सीमा धनकी की शिकायत पर तहसीलदार के खिलाफ भी गाली-गलौज और अभद्रता का मामला दर्ज किया गया है।
प्रशासन बनाम जनप्रतिनिधि की लड़ाई?
इस पूरे घटनाक्रम ने अब राजनीतिक रंग लेना शुरू कर दिया है। एक तरफ प्रशासनिक अधिकारी सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा का मुद्दा उठा रहे हैं, तो दूसरी ओर विधायक समर्थक इसे “अधिकारी की बदसलूकी” का मामला बता रहे हैं।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मशहूर शायर बशीर बद्र का 91 वर्ष की उम्र में निधन, उर्दू अदब की दुनिया में शोक की लहर
जशपुर में गांजे की अवैध खेती का खुलासा, 40 पौधे जब्त, आरोपी गिरफ्तार
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft