रायपुर। रेल यात्रियों के लिए आगामी कुछ महीने चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत कंसबहाल और धारुआडीही रेल खंड के बीच अधोसंरचना विकास और ट्रैक मेंटेनेंस कार्य के चलते रेलवे प्रशासन ने जुलाई से 17 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को मेगा ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है। इसका सीधा असर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रूट से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों पर पड़ेगा।
स्थिति इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि इसी अवधि में रक्षाबंधन, दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहार पड़ रहे हैं। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में पहले से ही भारी भीड़ रहती है। ऐसे में ट्रेनें रद होने और मार्ग बदलने से लाखों यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
हैदराबाद-रक्सौल और टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस रहेंगी रद
रेलवे प्रशासन के अनुसार, हैदराबाद-रक्सौल एक्सप्रेस (17005/17006) तथा टाटानगर-इतवारी एक्सप्रेस (18109/18110) निर्धारित तिथियों में पूरी तरह रद रहेंगी। इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है।
साउथ बिहार एक्सप्रेस का संचालन प्रभावित
आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस (13288) कुछ निर्धारित तिथियों में राउरकेला स्टेशन पर ही समाप्त होगी। यह ट्रेन राउरकेला से दुर्ग के बीच नहीं चलेगी। वहीं दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस (13287) दुर्ग के बजाय राउरकेला से अपनी यात्रा शुरू करेगी और दुर्ग से राउरकेला खंड में रद रहेगी।
उत्कल एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का रूट बदला
रेलवे ने कुछ ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया है। योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस (18478) निर्धारित तिथियों में अपने नियमित मार्ग के बजाय ईब-झारसुगुड़ा रोड-संबलपुर सिटी-कटक मार्ग से संचालित होगी। इसके अलावा आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस भी कुछ तिथियों में परिवर्तित मार्ग से चलाई जाएगी।
यात्रा से पहले जांच लें ट्रेन की स्थिति
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, हेल्पलाइन या नजदीकी रेलवे स्टेशन से ट्रेन परिचालन की अद्यतन जानकारी जरूर प्राप्त करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सकें।
हाईटेक अस्पताल में 32 लाख रुपए के गबन का आरोप, कैशियर गिरफ्तार
CRPF कैंप से लापता आरक्षक का पेड़ पर मिला शव, घरेलू विवाद के बाद निकला था घर से
बारिश में जलती रही चिता, ऊपर तनी रही चादर: मांगरू के श्मशान ने खोली सरकारी दावों की पोल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft