रायपुर/जगदलपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 22 और 23 अक्टूबर को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगी। अपने प्रवास के दौरान वे राजधानी रायपुर और बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के दौरे का मिनट-दर-मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। उनके बस्तर दशहरा में शामिल होने को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं।
22 अक्टूबर को रायपुर में रहेंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 22 अक्टूबर को दोपहर 12:45 बजे रायपुर स्थित लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान वे पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपए का स्मारक सिक्का जारी करेंगी।
इसके बाद शाम 4 बजे राष्ट्रपति रायपुर के इंडोर स्टेडियम में नुआखाई पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। यहां वे ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
23 अक्टूबर को मां दंतेश्वरी मंदिर में करेंगी पूजा-अर्चना
राष्ट्रपति 23 अक्टूबर को जगदलपुर पहुंचेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे वे मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे मुरिया दरबार एवं बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति का बस्तर दशहरा में शामिल होना क्षेत्र की समृद्ध आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
राष्ट्रपति के छत्तीसगढ़ प्रवास की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील ने हाल ही में बैठक आयोजित की थी। बैठक में राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल, आवास, स्वास्थ्य सुविधाओं और परिवहन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।
राष्ट्रपति के दौरे के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। प्रशासन की ओर से निर्धारित कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
करीब 75 दिनों तक चलता है बस्तर दशहरा
बस्तर दशहरा छत्तीसगढ़ की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान है। करीब 75 दिनों तक चलने वाला यह पर्व देश के सबसे लंबे दशहरा उत्सवों में गिना जाता है। इसकी खासियत यह है कि यह पारंपरिक राम-रावण युद्ध और रावण दहन की बजाय स्थानीय देवी-देवताओं, आदिवासी परंपराओं और मां दंतेश्वरी की आराधना से जुड़ा हुआ है।
इस वर्ष बस्तर दशहरा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की भागीदारी को लेकर विशेष उत्साह है। राष्ट्रपति को इस आयोजन में शामिल होने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू और छत्तीसगढ़ के संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने मुलाकात कर आमंत्रित किया था।
दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह की तबीयत बिगड़ी, जिला अस्पताल के ICU में भर्ती, स्वास्थ्य में सुधार
छत्तीसगढ़ BJP में हलचल! स्मृति ईरानी करेंगी 2028 चुनाव का शंखनाद, नेताओं से लेंगी संगठन का हिसाब
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft