रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान तिहार को लेकर ऐलान कर दिया गया है। 15 नवंबर 2025 से धान की खरीदी शुरु होने जा रही है। इस दिन से प्रदेश में धान तिहार का आगाज हो जाएगा। बताया जा रहा कि, इस बार 160 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा सकती है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खुद घोषणा की है।
धान उपार्जन नीति पर होनी है चर्चा
प्रदेश में धान खरीदी शुरू होने से पहले राज्य सरकार की ओर से नई धान उपार्जन नीति और कस्टम मिलिंग नीति 2025-26 को मंजूरी दी जानी है। इसका प्रारूप तैयार कर लिया गया है, जिसे दीपावली से पहले कैबिनेट बैठक में रखा जा सकता है। मंजूरी मिलने के बाद नीति को तत्काल लागू कर दिया जाएगा।
ऑनलाइन टोकन की होगी व्यवस्था
धान बेचने के लिए इस बार किसानों को ऑनलाइन टोकन प्रणाली के तहत तुहर ऐप से टोकन मिलेगा। निर्धारित तारीख पर किसान आसानी से धान बेच सकेंगे। पहले अवसर छोटे और सीमांत किसानों को दिया जाएगा ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपनी उपज बेच सकें।
3100 रुपए प्रति क्विंटल का भुगतान
पंजीकृत किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर धान खरीदी की जाएगी। किसानों को प्रति क्विंटल 3100 रुपए का भुगतान किया जाएगा। इसके साथ ही प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी की सीमा तय की गई है।
एग्रीस्टेक और एकीकृत किसान पोर्टल
जानकारी के अनुसार, धान बेचने के इच्छुक किसानों का एग्रीस्टेक और एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन शुरू हो गया है। पंजीकृत किसान ही इस बार धान बेच पाएंगे। कुल मिलाकर, राज्य सरकार ने इस बार धान खरीदी को लेकर प्रक्रिया को पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया है। जिससे किसानों को समय पर भुगतान और सुविधाजनक खरीदी का लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है।
CG POLICE में बड़ा फेरबदल: 29 निरीक्षक समेत 30 पुलिसकर्मियों का तबादला
38 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार, 3 महीने में पैसा डबल करने का दिया था झांसा
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft