नारायणपुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में भाजपा नेता रतन दुबे की हत्या के मामले में एक बार फिर NIA (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) ने छापेमारी की है. इस बार एजेंसी ने कौशलनार इलाके को अपने निशाने पर लिया है. विधानसभा चुनाव के दौरान भरे बाजार में रतन दुबे की निर्मम हत्या कर दी गई थी, और अब इस केस में बड़े खुलासे की उम्मीद की जा रही है.
बता दें कि चार नवंबर 2023 को कौशलनार साप्ताहिक बाजार में भाजपा नेता रतन दुबे चुनाव प्रचार कर रहे थे. इसी दौरान दिनदहाड़े उनकी सरेआम हत्या कर दी गई. यह घटना चुनावी माहौल के बीच इलाके में भारी सनसनी फैलाने वाली थी. दुबे की हत्या ने न सिर्फ स्थानीय लोगों को चौंकाया बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मचा दी थी.
चार संदेहियों की गिरफ्तारी
हत्या के मामले में नारायणपुर पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत 11 दिसंबर 2023 को चार संदेहियों को गिरफ्तार किया था. इनमें से एक आरोपी, बड़ेनहोड़ पारा कोंगेरा निवासी 40 वर्षीय धनसिंग कोर्राम ने पुलिस पूछताछ में रतन दुबे की हत्या में शामिल होने की बात कबूल की थी. उसकी यह स्वीकारोक्ति मामले में अहम मोड़ साबित हुई थी.
NIA ने संभाली जांच
हालांकि, शुरू में इस हत्या की जांच स्थानीय पुलिस कर रही थी, लेकिन फरवरी 2024 में NIA ने इस मामले को अपने हाथ में लिया. तब से एजेंसी द्वारा इस हत्या की गहन जांच की जा रही है. NIA ने मामले में पहले ही आरोपी धनसिंग कोर्राम के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल कर दिया है, और आगे की जांच भी तेज़ी से चल रही है.
बड़े खुलासे की उम्मीद
NIA द्वारा हालिया छापेमारी से मामले में बड़े खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है. कौशलनार इलाके में छापेमारी के बाद अब यह संभावना बढ़ गई है कि इस हत्याकांड के पीछे के मास्टरमाइंड का पता लगाया जा सके. एजेंसी की ओर से जांच प्रक्रिया के दौरान और भी आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है, जिससे मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके.
भारत की कृषि गाथा का नया रूप: परिवर्तन का एक दशक
सड़क पर बर्थडे पार्टी, बोनट पर केक और आतिशबाजी! अभनपुर के नायब तहसीलदार की वायरल रील से मचा बवाल
Copyright © 2021 Newsbaji || Website Design by Ayodhya Webosoft